12 अगस्त 2019, जांजगीर। बाराद्वार के पास रेल ट्रैक पर तीन दिन पहले मिली अफ्रीकन फुटबॉलर सालोमन का शव बाराद्वार अस्पताल के मरचुरी में रखा है। पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही है। अभी तक उसके परिजन यहां नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार की रात पुलिस को फुटबॉलर की लाश रेलवे लाइन पर मिली थी। मृतक के मोबाइल में उसका वीजा टिकट और कुछ दोस्तों के नम्बर मिले थे।
उन नम्बरों पर पुलिस ने संपर्क कर उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश करती रही, एमजीआर पुलिस को उसके परिजनों के सम्बंध में खास जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पतासाजी में जुटी पुलिस ने उसके अन्य मित्रों के नंबर पर संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी और दूतावास से भी संपर्क किया।
तब मृतक के भाई का पता चला। चाम्पा के एसडीओपी उदयन बेहार ने बताया कि उसके भाई से वाट्सअप पर सम्पर्क हुआ और उसको सूचना दे दी गई है। उसके दोस्तों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। अब पुलिस उसके परिजनों का इंतजार कर रही है। अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। परिजनों के पहुंचने पर शव उनके सुपुर्द किया जाएगा।