बड़ी खबर : मोदी कैबिनेट विस्तार से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित इन मंत्रियों ने दिया इस्तीफा…..

0
271

नई दिल्ली 7 जुलाई 2021 केंद्रीय कैबिनेट में बुधवार शाम को बड़ा बदलाव होना है, उससे पहले दिल्ली में सियासी हलचल जारी है। मंत्रिमंडल में नए नामों के जुड़ने से पहले कुछ पुराने नामों को विदाई दी जा रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की कैबिनेट से छुट्टी हो गई है।

रमेश पोखरियाल के अलावा संतोष गंगवार, देबोश्री चौधरी, सदानंद गौड़ा की कैबिनेट से छुट्टी हो गई है। इनसे पहले थावरचंद गहलोत को राज्यपाल बनाया दिया गया है, ऐसे में वो भी कैबिनेट से बाहर हो गए हैं। केंद्रीय कैबिनेट से शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोतरे ने भी इस्तीफा दे दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, रमेश पोखरियाल निशंक को खराब स्वास्थ्य की वजह से केंद्रीय कैबिनेट से हटाया गया है। कोरोना होने के बाद से ही उनका स्वास्थ्य लगातार ठीक नहीं था, ऐसे में अब उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जा रहा है।

इन मंत्रियों की भी हुई छुट्टी…

पश्चिम बंगाल से सांसद देबोश्री चौधरी की केंद्रीय मंत्रिमंडल से छुट्टी तय है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देबोश्री चौधरी का इस्तीफा मांग लिया है। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के कुछ नए चेहरों को केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

इन दो बड़े नामों के अलावा केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा का भी इस्तीफा लिया जा सकता है। सदानंद गौड़ा अभी रसायन और उर्वरक मंत्री थे, लेकिन अब उनकी छुट्टी कर दी गई है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने ये फैसला लिया है।