चरणजीत चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, पहली बार राज्य में दलित नेता ने संभाली बागडोर…..

0
211

नई दिल्ली, 20 सितम्बर 2021। चरणजीत सिंह चन्नी ने राजभवन में पंजाब के मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। बता दें कि कल चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को विधायकों का समर्थन पत्र सौंप दिया था। इसके बाद राज्यपाल ने शपथ ग्रहण के लिए आज सुबह 11 बजे का समय दिया था। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है।

जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी के साथ नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ सहित कई विधायक राजभवन में मौजूद रहे। वहीं राहुल गांधी भी इस शपथ ग्रहण समारोह के बाद राजभवन पहुंच गए हैं। उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी और दोनों डिप्टी सीएम को बधाई दी। गौरतलब है कि पहले डिप्टी सीएम के लिए अरूणा चौधरी और भारत भूषण आशू के नामों पर चर्चा हो रही थी। वहीं चरणजीत सिंह चन्नी से पहले सुखजिंदर रंधावा को पंजाब का सीएण बनाए जाने की खबरें आ रही थीं।

कौन हैं चरणजीत सिंह चन्नी

बता दें कि 58 वर्षीय चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले वे राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री थे और चमकौर साहिब निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार से विधायक हैं। बता दें कि चन्नी का जन्म 1963 में कुराली के पास पंजाब के भजौली गांव में हुआ था और उनका परिवार मलेशिया में बस गया था जहां उनके पिता काम करते थे, लेकिन वे 1955 में भारत लौट आए और पंजाब के एसएएस नगर जिले के खरार शहर में बस गए।

कांग्रेस ने एक तीर से लगाए कई निशाने

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस ने एक तीर से कई निशाने लगाए हैं। दरअसल, पंजाब में कुछ महीनों के बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले कांग्रेस ने चन्नी को सीएम चुना है। इस फैसले से पार्टी का फायदा हो सकता है। बता दें कि पंजाब में लगभग 30 प्रतिशत दलित आबादी और दलित मुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस अपने आगे का रास्ता साफ करती नजर आ रही है। वहीं दो डिप्टी सीएम बनाकर पार्टी राज्य में वोट बैंक साधने की कोशिश में जुटी है।