मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने की नहीं मिली इजाजत, यूपी सरकार ने जारी किया फरमान…..

0
657

लखनऊ, 04 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमान को लखनऊ हवाईअड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं मिली है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के सूत्रों ने बताया की इसके पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गाँधी को लखीमपुर खीरी में जाते वक्त रास्ते में रोका गया था। उसके कुछ देर बाद ही यह घटनाक्रम हुआ।

बघेल के साथ पंजाब के उप मुख्यमंत्री एसएस रंधावा भी लखनऊ आने वाले थे, लेकिन उनके विमान को उतरने की इजाजत नहीं दी गई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी लखनऊ में उनके घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई है। विक्रमादित्य मार्ग पर उनके घर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है।

सीएम बघेल ने स्वयं ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है। ध्यान देने वाली बात तो ये है की कांग्रेस नेता प्रियंका गाँधी को पहले ही पुलिस ने अपने हिरासस्त में ले लिया है

उन्हें सीतापुर पुलिस लाइन के सेकेंड बटालियन के कैंप में रखा गया है। प्रियंका वहां हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों के मिलने जा रही थीं। यूपी सरकार द्वारा लखनऊ एयरपोर्ट को हिन्दी में भेजे गए एक आदेश में कहा गया है कि लखीमपुर खीरी मामले को देखते हुए कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम और पंजाब के डिप्टी सीएम की फ्लाइट को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत न दी जाए।

अधिकारियों के अनुसार, हिंसा की घटना में चार किसानों सहित कुल आठ लोगों की मौत हो गई। प्रियंका और पार्टी के नेता दीपिन्दर सिंह हुड्डा रविवार की रात में लखनऊ पहुंचे। इससे पहले देर रात कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अशोक सिंह ने पीटीआई को बताया, ‘‘प्रियंका लखरीमपुर खीरी रवाना हो गई हैं।”

इससे पहले पार्टी के एक नेता ने कहा था, ‘‘प्रियंका अभी रवाना नहीं हुई हैं। उन्हें नजरबंद किए जाने की पूरी आशंका है। मकान के बाहर 300 पुलिसकर्मी और 150 महिला कांस्टेबल हैं। 300 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ता भी हैं।”