23 खदान संचालकों ने अपनी मनमानी की कर दी हद पार…प्रशासन ने सभी को थमाया नोटिस…देखिए उनके नाम

0
142

23 अगस्त 2019 राजनांदगांव। जिले में चल रहे क्रेशर और चूना-पत्थर खदानों का कलेक्टर ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। जहां इन क्रेशरों और खदानों में नियम का पालन नहीं होना देखकर 23 संचालकों को नोटिस जारी किया है। वहीं अफसरों को स्वीकृत खदानों की जांच के लिए टीम बनाकर कर 4 दिन में पूरी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिए हैं। 

जांच के दौरान खदानों और क्रेशरों में मजदूरों के सुरक्षा के उपायों, पौधरोपण, खनन सुरक्षा के वैधानिक प्रावधानों के बारे में विशेष रूप से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मौके पर पौधरोपण, नियोजित मजदूरों के स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय और खदानों में विवरण पट्टिका नहीं लगी थी। 

इसी तरह खदानों और क्रेशरों से उत्पादित और भेजे गए खनिजों का रजिस्टर भी संधारित नहीं होना पाया गया। मजदूरों को दी जाने वाली मजदूरी के संबंध में भी कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। खदानों व क्रेशरों में पानी का छिड़काव, व्यवस्थागत कमी पाई गई। 

इन्होंने की लापरवाही 
कलेक्टर ने खदान व क्रेशर संचालक अटल गोडवानी, दौलत सिंह चंदेल, दीपक शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, भागीरथी चक्रधारी,संतोष लोहानी, प्रवीण जैन, एसएसडी इंटरप्राइजेस, शिवलाल चक्रधारी, ओंम मिनरल्स, जितेन्द्र हासवानी, लीलावती हासवानी, महेश लोहानी, नारायण लोहानी, देवलाल साहू को नोटिस जारी किया गया। 

इन खदानों की होगी जांच 
कलेक्टर ने डुमरडीह कला, देवडोंगर, चवेली, चंवरढाल, ठेलकाडीह, अर्जुनी, कलकसा, बल्देवपुर, पचपेड़ी में स्वीकृत खदानों और क्रेशरों की जांच कर 4 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। यहां से दो वर्षों के बिजली बिल की काॅपी भी लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि खदानों और क्रेशरों में उत्पादित और भेजे गए मटेरियल की जांच की जाएगी।