12 साल बाद हुआ RSS में बड़ा बदलाव, दत्तात्रेय होसबोले संभालेंगे सरकार्यवाह पद की जिम्मेदारी

0
173

नेशनल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में 12 साल बाद बड़ा परिवर्तन हुआ है। आरएसएस के नए सरकार्यवाह (महासचिव) पद पर दत्तात्रेय होसबोले का सर्वसम्मति से चयन हुआ है। वह पिछले 12 वर्ष से लगातार इस पद पर काम कर रहे सुरेश भैयाजी जोशी का स्थान लेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बेंगलुरु के जनसेवा विद्या केंद्र में चल रही अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में शनिवार को यह निर्णय लिया गया।

ट्वीट कर दी जानकारी

दत्तात्रेय होसबोले अब संघ में नंबर दो के ओहदे पर पहुंच गए हैं। वे इससे पहले सह सरकार्यवाह का दायित्व निभा रहे थे। दत्तात्रेय होसबोले को तीन वर्ष के लिए यह दायित्व दिया गया है। आरएसएस ने अपने आधिकारिक ट्वीटर पर लिखा कि संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में सरकार्यवाह पद के लिए दत्तात्रेय होसबाले जी निर्वाचित हुए। वे 2009 से सह सरकार्यवाह का दायित्व निर्वहन कर रहे थे।

भैयाजी जोशी 12 साल तक रहे सरकार्यवाह

गौरतलब है कि दो दिवसीय प्रतिनिधि सभा की बैठक का 20 मार्च को आखिरी दिन है। इस बैठक में सरकार्यवाह का चुनाव किया गया। सुरेश भैयाजी जोशी पिछले 12 साल से यानि 2009 से संघ के सबसे महत्वपूर्ण सरकार्यवाह के पद दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए यह जिम्मेदारी अब दत्तात्रेय होसबोले को दी गई।