कुछ ही देर बाद लगेगा साल का पहला सूर्य ग्रहण, जानें किन देशों में दिखेगा रिंग ऑफ फायर का अद्भुत नजारा

0
147

नेशनल। साल का पहला सूर्य ग्रहण 10 जून को लग रहा है। सूर्य ग्रहण एक खगोलीय घटना है। जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है तो सूर्य ग्रहण लगता है। इस दौरान चंद्रमा, सूर्य के प्रकाश को पूरी तरह या आंशिक रूप से ढक लेता है। पूर्ण रूप से ढकने पर पूर्ण सूर्य ग्रहण और आंशिक रूप से ढकने पर आंशिक सूर्य ग्रहण लगता है।

इन देशों में भी दिखेगा सूर्य ग्रहण

नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) के अनुसार, साल का पहला सूर्य ग्रहण उत्तरी गोलार्ध के लोगों को दिखाई देगा। नासा के अनुसार, यह ग्रहण केवल कुछ क्षेत्रों में दिखाई देगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह आंशिक होगा। एजेंसी ने कहा है कि रूस, ग्रीनलैंड और कनाडा में ‘रिंग ऑफ फायर’ या पूर्ण सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा, जबकि पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका और अलास्का में केवल आंशिक ग्रहण होगा। उत्तरी अमेरिका, यूरोप, एशिया, उत्तरी अफ्रीका और कैरिबियन के कुछ हिस्सों में भी आंशिक ग्रहण दिखाई देगा।

सूर्य ग्रहण का समय

सूर्य ग्रहण 10 जून को दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से शुरू होगा और शाम को 06 बजकर 41 मिनट पर समाप्त होगा। ये ग्रहण कुल मिलाकर 5 घंटे का होगा।

सूर्य ग्रहण भारत में कब और कहां दिखेगा

इस सूर्य ग्रहण को भारत के सभी हिस्सों में नहीं देखा जा सकेगा। यह केवल लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में सूर्यास्त से पहले देखा जा सकेगा। भारत में यह आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। भारत में ग्रहण के नजर न आने के कारण सूतक काल मान्य नहीं होगा।