अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान ने दिखाया अपना असली चेहरा, भारत से आयात-निर्यात पर लगाई रोक

0
359

नई दिल्ली, 19 अगस्त 2021। अफगानिस्तान की सत्ता हथियाने के बाद तालिबान (Taliban) ने भारत से सभी तरह के आयात-निर्यात पर रोक लगा दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के डायरेक्टर जनरल डॉ. अजय सहाय के मुताबिक तालिबान ने फिलहाल पाकिस्तान के ट्रांजिट रूट्स से होने वाली सभी कार्गो मूवमेंट पर रोक लगा दी है। इससे अफगानिस्तान से आयात पूरी तरह से बंद हो चुका है।

डॉ. अजय सहाय ने एएनआई से कहा कि FIEO अफगानिस्तान की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के अफगानिस्तान के साथ सदियों पुराने संबंध है। भारत ने वहां भारी निवेश किया हुआ है। भारत अफगानिस्तान के सबसे बड़े पार्टनर्स में से एक है। 2021 में अफगानिस्तान को भारत का निर्यात 83.5 करोड़ डॉलर का रहा। इस दौरान भारत ने वहां से 51 करोड़ डॉलर का सामान आयात किया।

भारत का निवेश

उन्होंने कहा कि ट्रेड के अलावा भारत ने वहां अच्छा खासा निवेश कर रखा है। हमने वहां 3 अरब डॉलर का निवेश किया है। भारत वहां 400 परियोजनाओं पर काम कर रहा है जिनमें से कुछ पर अब भी काम चल रहा है। भारत अफगानिस्तान को अपने कुछ सामान का निर्यात इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से करता है जो ठीक चल रहा है। साथ ही कुछ निर्यात दुबई रूट से भी होता है। वह भी ठीक चल रहा है।

FIEO के डीजी ने बताया कि भारत अफगानिस्तान को चीनी, फार्मास्यूटिकल्स, चाय, कॉफी, मसाले और ट्रांसमिशन टावर्स का एक्सपोर्ट करता है। वहीं अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट्स और प्याज जैसी चीजों का आयात होता है। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ट्रेड संबंधी गतिविधियों को शुरू किया जाएगा क्योंकि दोनों देशों के लिए ये जरूरी और फायदेमंद है। अफगानिस्तान में राजनीतिक स्थिरता आने पर सब कुछ ठीक होने की उम्मीद है।