चॉपर से अंबिकापुर पहुंचे मंत्री अमरजीत भगत.. राजमाता देवेंद्र कुमारी के अंतिम दर्शन के लिए व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा..

0
87

अम्बिकापुर 11 फरवरी, 2020। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अनुपलब्धता के कारण खाद्य मंत्री अमरजीत भगत राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव के अंतिम दर्शन हेतु व्यवस्थाओं का जिम्मा दिया गया है। कल रात दूरभाष पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत से सरगुजा महाराज पंचायत व स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की माता राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव की अंतिम यात्रा के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हें सारी व्यवस्थाएँ संभालने का जिम्मा दिया। उनके निर्दशानुसार मंत्री अमरजीत भगत आज सुबह तत्काल चॉपर से अंबिकापुर रवाना हुए। उससे पहले सुबह उठते ही सरगुजा के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों से उन्होंने सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बता दें कि कल मेदांता अस्पताल में राजमाता सिंहदेव का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अविभाजित मध्यप्रदेश में सिंचाई मंत्री रहीं सरगुजा राजपरिवार की सबसे वरिष्ठ सदस्य राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

इस दौरान राजमाता के अंतिम दर्शन हेतु राजनीति व अन्य क्षेत्रों से जुड़ी बड़ी हस्तियों के अंबिकापुर आने की संभावना है। चूंकि मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ में उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए उनकी अनुपस्थिति में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में सारी व्यवस्थाएँ की जाएंगी।