चुनाव आयुक्त पद से अशोक लवासा ने दिया इस्तीफा, महामहिम ने त्यागपत्र किया स्वीकार..

0
110

नई दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चुनाव आयुक्त के पद से अशोक लवासा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विधि एवं न्याय मंत्रालय की बुधवार को जारी अधिसूचना से यह जानकारी मिली। लवासा 31 अगस्त तक प्रभार में रहेंगे। वे एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के उपाध्यक्ष के रूप में जल्द ही पदभार ग्रहण करने वाले हैं।

गौरतलब है की लवासा ने मंगलवार को चुनाव आयुक्त के पद से अपना इस्तीफा राष्ट्रपति भवन को भेज दिया था। लवासा मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने की कतार में भी थे। उन्होंने बताया कि वह सितम्बर में फिलीपीन स्थित एडीबी में पद ग्रहण करेंगे।

एडीबी ने पिछले महीने एक बयान में कहा था, ‘‘एडीबी ने अशोक लवासा को निजी क्षेत्र के संचालन और सार्वजनिक-निजी भागीदारी खंड के लिए उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।’’ वह दिवाकर गुप्ता का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 अगस्त को समाप्त हो रहा है। लवासा को अक्टूबर 2022 में सेवानिवृत्त होना था। लवासा ऐसे दूसरे चुनाव आयुक्त है जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया। इनसे पहले 1973 में सीईसी नागेन्द्र सिंह ने हेग में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त होने के बाद इस्तीफा दे दिया था।