भूपेश कैबिनेट के मंत्री मोहम्मद अकबर के काफिले का हुआ विरोध, बिना प्रचार किए ही लौटे वापस….

0
820

भिलाई, 13 दिसम्बर 2021। भिलाई नगर निगम वार्ड प्रत्याशी का प्रचार करना मंत्री मोहम्मद अकबर को महंगा पड़ा। वह वार्ड 37 संत रविदास नगर में कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल मन्नान के प्रचार के लिए रविवार शाम पहुंचे थे। इस बीच शारदा पारा कैंप दो में मोहम्मद अकबर का काफिला और हिंदूवादी संगठन का काफिला आमने सामने हो गया।

मंत्री अकबर को देखते ही हिंदू संगठन के समर्थकों ने मंत्री के काफिले को रोक दिया और उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।

इस दौरान संगठन के लोगों ने लगभग 5 मिनट तक मंत्री के काफिले को रोके रखा। मामले की सूचना मिलते ही एसएसपी बीएन मीणा और एएसपी सिटी संजय ध्रुव मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने बड़ी मशक्कत से मंत्री को वहां से निकाला। फिर मंत्री को बिना प्रचार किए ही वापस जाना पड़ा।

प्रदेश के कद्दावर मंत्री और दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने भिलाई नगर निगम के वार्ड नंबर 37 पहुंचे थे। उसी दौरान हिंदूवादी संगठन का काफिला झंडा लेकर वहां से निकल रहा था। उन्होंने मोहम्मद अकबर को देखते ही उनका विरोध करना शुरू कर दिया।

जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली हड़कंप मच गया।

देखते ही देखते वहां एसएसपी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने हिंदूवादी संगठन के लोगों को काफी रोकने की कोशिश की, लेकिन वह मोहम्मद अकबर मुर्दाबाद और मोहम्मद अकबर वापस जाओ के नारों को रोक नहीं पाए। पूरा शारदापारा क्षेत्र मंत्री अकबर के विरोध में लग रहे नारों से गूंज उठा। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने मंत्री से प्रचार करने का निवेदन किया, लेकिन वह बिना प्रचार किए ही वापस लौट गए।

मंत्री को आनी चाहिए शर्म-सांसद

मंत्री के विरोध मामले में दुर्ग से बीजेपी सांसद विजय बघेल ने कहा है कि मोहम्मद अकबर को थोड़ा भी शर्म है तो उन्हें घर से नहीं निकलना चाहिए। उनके क्षेत्र कवर्धा में धार्मिक उन्माद के कारण इतना बड़ा कांड हो गया। यह नेशनल न्यूज बना। ऐसे मंत्री को शर्म आना चाहिए वो प्रचार प्रसार में निकल रहे हैं। निश्चित रूप से वह जहां जहां जाएंगे उनका विरोध होगा। कल ऐसा वाकया हो सकता है कि बीजेपी ही नहीं पूरी जनता उनका विरोध कर सकती है।