बिग ब्रेकिंग: एसपी-कलेक्टर के सामने 3 इनामी समेत 25 नक्सली मददगारों का सरेंडर.. 1-1 लाख का था इनाम.. कलेक्टर ने समर्पित ग्रामीणों से की चर्चा..

0
250

दंतेवाड़ा 9 जुलाई, 2020। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापसी के तहत) अभियान रफ्तार पकड़ रही है। यही वजह है कि कि आज दंतेवाड़ा कलेक्टर और एसपी के सामने 25 नक्सली मददगारों ने आत्मसमर्पण किया है। जिसमें तीन इनामी नक्सली भी है। इन पर 1-1 लाख का इनाम था। जानकारी के मुताबिक सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर मुख्यधारा से जुड़ने के लिए उन्होंने आत्मसमर्पण किया है। यह मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है, जहां 25 लोगों ने आत्समर्पण किया है। नक्सलियों ने दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव और कलेक्टर दीपक सोनी के समक्ष सरेंडर किया है।

जिले के 25 ग्रामीणों ने आत्मसमर्पण कर दिया। यह सभी आम लोगों के बीच रहकर नक्सलियों की मदद किया करते थे। पुलिस की जानकारी पहुंचाना, सड़कें काटना, बम लगाना और हथियार लूटने के अलावा कुछ ग्रामीणों की हत्या करने जैसी वारदातों में शामिल रहे। इनमें 4 महिलाएं शामिल हैं। कुछ ऐसे भी हैं जिनपर 1-1 लाख रुपए का इनाम सरकार ने घोषित कर रखा था और पुलिस को इनकी तलाश थी। 

3 पर था एक-एक लाख का इनाम

गुरुवार की सुबह जिले के कुआकोंडा इलाके के कुछ गांवों में रह रहे नक्सल मददगारों ने समर्पण कर दिया। यह सभी बंदूक लेकर वर्दी पहनकर नक्सलियों के साथ रहने की बजाए गांवों में रहकर नक्सलियों के लिए काम करते थे। सरेंडर करने वालों में 1-1 लाख का इनामी बुधराम तामो, मांझी बारसे, देवे सोढ़ी (महिला) शामिल हैं। 

इन्होंने किया सरेंडर

इसके अलावा, नक्सलियों की दरभा डिवीजन के कटेकल्याण एरिया कमेटी के नक्सली  हुर्रा कुंजा, कीके कुंजाम, भीमा राम तामो, सुदरू भास्कर, लक्ष्मण  बारसा, हिड़मा कुंजाम, गंगा कोर्राम, माडका बारसे, हड़मा कुंजाम, बुधराम सोरी, बामन मड़काम, सुक्का सोढ़ी, देवा सोढ़ी, हुंगा सोढ़ी, हुंगा ओयामी, गणेश राम पदम, लिंगा कोहरामी, दूले माड़वी, हुर्रे बारसे, माड़के बारसे, बिज्जा कड़ती और सोन कुंजाम ने सरेंडर किया।

नक्सलियों के लिए काम करने वाले इन ग्रामीणों के पोस्टर पुलिस ने जगह-जगह लगा रखे थे। जिले के कलेक्टर दीपक सोनी, सीआरपीएफ के आईजी डीएन लाल और जिले के एसपी अभिषेक पल्लव की मौजूदगी में ग्रामीणों ने नक्सलवाद को छोड़ने, सड़कें ना काटने, सरकार की योजनाओं का लाभ लेने, बच्चों को स्कूल भेजने जैसी बातों की शपथ ली। सभी को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। प्रशासन इनके रोजगार का बंदोबस्त करेगा।