बड़ी खबर : दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़, दो ईनामी महिला नक्सलियों की मौत…

0
230

दंतेवाड़ा, 18 दिसम्बर 2021। दंतेवाड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी मिली है कि दंतेवाड़ा जिले के गोदेरास के जंगल में शनिवार तड़के सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है, जिसमें जवानों ने दो ईनामी महिला नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से महिला नक्सलियों के शव के साथ पिस्टल, देसी कट्टा, विस्फोटक सामग्री के साथ अन्य सामान बरामद किया गया है।

घटना के बाद डीआरजी का सर्च ऑपरेशन जारी है।

दंतेवाड़ा एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि शुक्रवार को देर रात मुखबिर से गोदेरास के जंगलों में 60 से 70 की संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी की टीम को मौके पर के लिए रवाना किया गया था। डीआरजी की टीम ने मौके पर पहुंचने के बाद इलाके की घेराबंदी करना शुरू किया।

इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों को घेराबंदी करते देख गोलियां बरसाना शुरू कर दी।

डीआरजी के जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग निकले। फायरिंग बंद होने के बाद जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए मौके से दो महिला नक्सलियों का शव बरामद किया है।

मारी गई पहली महिला नक्सली की शिनाख्त मलांगेर एरिया कमेटी की सदस्य और 5 लाख रुपये ईनामी हिड़मे कोहरामे के रूप में हुई है, वहीं दूसरी महिला नक्सली की पहचान निलवाया एरिया के मलांगेर एरिया कमेटी की सीएनम इंचार्ज और 1 लाख रुपए की ईनामी पोज्जे के रूप में की गई है।

मौके से जवानों ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, विस्फोटक सामग्री, कम्युनिकेशन डिवाइस और कैम्प सामग्री बरामद किया है। दंतेवाड़ा एसपी ने बताया कि फिलहाल मौके पर सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने इस मुठभेड़ के दौरान और भी नक्सलियों के घायल होने की आशंका जताई है।