बड़ी खबर : अक्षय कुमार, सलमान और अजय देवगन समेत 38 सितारों के खिलाफ केस दर्ज, जानिए क्या है मामला…

0
779

मुंबई, 07 सितम्बर 2021। बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अक्षय कुमार, सलमान खान और अजय देवगन समेत 38 सेलेब्रिटीज के खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है। दरअसल, ये मामला जुड़ा है एक रेप पीड़िता की पहचान को लेकर… 2019 में हैदराबाद में एक महिला के साथ गैंगरेप और इसके बाद उसे जलाकर मार देने का भयावह केस सामने आया था। इस घटना पर आम लोगों से लेकर बॉलीवुड, टॉलीवुड से जुड़े सेलेब्रिटीज ने आवाज उठाई थी। सभी ने सोशल मीडिया के जरिए न्याय की मांग की थी। वहीं, अब इसी के चलते वो कानूनी पचड़े में फंस गए हैं।

आपको बता दें, साल 2019 में हैदराबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था जिसमें 4 लोगों ने एक लड़की का रेप करने के बाद उसे जिंदा जला दिया था। इस घटना ने सभी लोगों को झकझोर दिया था और सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी नाराजगी जताई थी। आम लोगों के अलावा सिलेब्रिटीज ने भी घटना पर दुख और नाराजगी जताई थी। इसी दौरान कुछ सिलेब्रिटीज ने पीड़ित लड़की की पहचान उजागर कर दी थी जिसके बाद अब उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन, अक्षय कुमार, सलमान खान, रकुलप्रीत सिंह सहित 38 इंडियन सिलेब्रिटीज पर रेप पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर उजागर करने का मामला दर्ज किया गया है। इन सिलेब्रिटीज में बॉलिवुड के अलावा साउथ की फिल्म इंडस्ट्री के लोग भी शामिल हैं। कानून के मुताबिक किसी भी रेप पीड़िता का नाम, तस्वीर या असल पहचान कहीं भी उजागर करना कानूनन अपराध है।

सिलेब्रिटीज के खिलाफ यह केस दिल्ली के एक वकील गौरव गुलाटी ने दर्ज किया है। उन्होंने सब्जी मंडी पुलिस थाने में इंडियन पीनल कोड की धारा 228A के तहत मामला दर्ज कर तीस हजारी कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि दूसरों के लिए उदाहरण बनने के बजाय इंडियन सिलेब्रिटीज नियमों को तोड़ते हुए पीड़िता की पहचान उजागर कर रहे हैं। वकील ने अपनी याचिका में इन सभी सिलेब्रिटीज की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।