बड़ी खबर : दुनिया को अलविदा कह गए छत्तीसगढ़ के पूर्व MLA युद्धवीर सिंह जूदेव, बेंगलुरू के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस….

0
541

पत्थलगांव, 20 सितम्बर 2021। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह का आज निधन हो गया है। रविवार देर शाम अचानक तबीयत खराब होने के बाद बेंगलुरू के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

आज सुबह करीब 4 बजे अंतिम सांस ली। पूर्व राज्य सभा सदस्य रणविजय सिंह जूदेव ने निधन की पुष्टि की। दिवंगत युध्दवीर सिंह जूदेव पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र थे। निधन की खबर से छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। आज युध्दवीर सिंह जूदेव का पार्थिव शरीर जशपुर लाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक चंद दिनों में उनका लीवर ट्रांसप्लांट किया जाना था, लेकिन स्थिति अनियंत्रित होने की वजह से ट्रांसप्लांट नहीं किया जा सका था। लेकिन अब उनके निधन की सूचना है।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों से युद्धवीर सिंह जूदेव लीवर के गंभीर संक्रमण से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने पर पहले उन्हें दिल्ली के इंस्टिट्यूट ऑफ़ लीवर एंड बिलिअरी साइंसेस में भर्ती किया गया था, जहां एक पखवाड़े से ज्यादा समय तक उनका इलाज किया गया, लेकिन स्थिति में कुछ सुधार नहीं होने के बाद उन्हें बेंगलुरू के एस्टर हॉस्पिटल ले जाया गया था।