बड़ी खबर : महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने छोड़ी पार्टी, ट्विटर प्रोफाइल भी बदली….

0
460

नई दिल्ली, 16 अगस्त 2021। हाल में ट्विटर विवाद के बीच कांग्रेस खेमे से एक और चौंकाने वाली खबर आई है। पूर्व सांसद और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने अपना ट्विटर प्रोफाइल भी बदली है। इसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पूर्व सदस्य होने की बात लिखी है।

सुष्मिता ने अपने ट्विटर प्रोफाइल में महिला कांग्रेस अध्यक्ष और सदस्य के आगे भी पूर्व लिख दिया है। हालांकि सुष्मिता की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने सोनिया गांधी को इस संबंध में पत्र लिखा है।

व्हाट्सएप ग्रुप से भी हटीं सुष्मिता देव

रिपोर्ट्स के अनुसार सुष्मिता देव कांग्रेस पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप से भी बाहर हो गई हैं। हाल में जब राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी समेत कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक हुए थे तो सुष्मिता देव भी सुर्खियों में थीं। उनका भी ट्विटर अकाउंट लॉक किया गया था।

कांग्रेस ने बाद में इस पूरे मामले पर ट्विटर सहित केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला था और इसे लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास करार दिया था।

दरअसल कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता 9 साल की बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था। ट्विटर ने कहा था कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं।