भाजपा ने भिलाई में निकाली गांधी संकल्प पदयात्रा.. सांसद विजय बघेल बोले- शहर में निगम का कोष और स्टोर दोनों खाली.. मूलभूत सुविधाएं के लिए तरस रहे हैं लोग..

0
69

भिलाई 20 अक्टूबर, 2019। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद देशभर में भाजपा गांधी संकल्प यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस के गांधी विचार यात्रा के बाद भाजपा अब गांधी संकल्प पदयात्रा के जरिए लोगों के घर-घर पहुंच रही है। गांधी जी के विचारों को जन-जन पहुंचाने आज दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में भिलाई विधानसभा क्षेत्र के खुर्सीपार और छावनी में गांधी संकल्प यात्रा निकाली गई।

इस रैली में श्रीराम जन्मोत्सव समिति के युवा विंग के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ नेहरू स्कूल, गुल्ली होटल के समीप न्यू खुर्सीपार से किया गया। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ- साथ श्रीराम जन्मोत्सव समिति एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

यात्रा का समापन श्रमिक नगर में किया गया। जहां आमजनों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि देश में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार कर रही है। उनके सिद्धांतों पर चलते हुए उन्होंने जो गांव गरीबों के लिए सपना देखा था वह आज साकार हो रहे हैं।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और सबसे बड़ी बात ग्राम में स्वच्छता का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
सांसद विजय बघेल ने शहर सरकार और राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को चार महीने में आईना दिखा दिया, आज कही नाली टूटा है तो कहीं बोरिंग खराब है लोगों को पानी नहीं मिल रहा, शहर में निगम का कोष और स्टोर दोनों खाली है। मूलभूत सुविधाएं भी लोगो को नही मिल पा रही है। कांग्रेस के लोग ये जान ले कि हम 15 साल वालो को जनता ने नही छोड़ा तो आप कैसे बच सकते हों।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छता महात्मा गांधी का ही एक सपना था, जिसे मोदी सरकार ने स्वच्छता मिशन चला पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने इस सपने को साकार करने के लिए जो अभियान चलाया वो आज पूरे विश्व में अपने आप में एक मिसाल बन गई है।