ब्रेकिंग: लोरमी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को मिला नेशनल क्वालिटी एश्युरेंस अवॉर्ड… मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने हॉस्पिटल के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई

0
92

रायपुर 15 अप्रैल, 2020। कोरोना संकट के बीच मुंगेली जिले से अच्छी खबर आई है। मरीजों के बेहतर इलाज, देखरेख और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिये विकासखंड मुख्यालय लोरमी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) पुरस्कार के लिए चुना गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव विकासशील ने छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारिक सिंह को पत्र लिखकर इस आशय की सूचना दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए अस्पताल के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने भरोसा जताया है कि स्वास्थ्य केन्द्र आगे भी अपनी उत्कृष्ट सेवा के जरिए प्रदेश के अस्पतालों के लिए नए मानक स्थापित करेगा।

मुंगेली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश खैरवार ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम द्वारा 6 एवं 7 फरवरी 2020 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी के कार्यों, सेवाओं और सुविधाओं का गहराई से निरीक्षण, परीक्षण और अवलोकन किया गया था। टीम ने कड़े मापदंडों पर यहां की सुविधाओं का विश्लेषण किया था।

टीम ने वहां खासकर प्रसूति एवं ऑपरेशन कक्ष, ओपीडी, रेडियोलॉजी, पीपी यूनिट, पैथोलॉजी और ब्लड-बैंक का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। अस्पताल में इलाज और सुविधाओं के बारे में उन्होंने मरीजों से फीडबैक भी लिया। इन कड़े मापदंडों में खरा उतरने के बाद  केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चयन क्वालिटी एश्युरेंस अवार्ड एवं सर्टिफिकेट के लिए किया गया है।

श्री खैरवार ने बताया कि यहां पदस्थ सभी डॉक्टर, नर्स और अन्य मेडिकल स्टॉफ पूर्ण समर्पण के साथ मरीजों के इलाज एवं सेवा में लगा हुआ है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के मिलने से वे काफी खुश और उत्साहित हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम के निरीक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी को 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।