CBSE के 10वीं और 12वीं की परीक्षा पैटर्न में फेरबदल, बोर्ड परीक्षा में छह तरह के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे..

0
68

नई दिल्ली/रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं बोर्ड की 2020 की परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के पैटर्न में बदलाव करने जा रहा है। अब वस्तुनिष्ठ प्रश्न छह तरह के पूछे जाएंगे। इसमें मल्टीपल च्वाइस के अलावा पांच और तरह के प्रश्न भी पूछे जाएंगे। बदले हुए पैटर्न की जानकारी बोर्ड ने सभी स्कूलों को भेज दी है, ताकि परीक्षार्थी अभी से उसी पैटर्न पर अपनी तैयारी कर सकें।

बोर्ड की मानें तो 2020 की बोर्ड परीक्षा में 20 फीसदी वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या रहेगी। अभी तक कुछ ही विषयों में वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाते थे। लेकिन 2020 की बोर्ड परीक्षा में हर विषय में वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। स्कूल स्तर पर इसकी जानकारी विद्यार्थी को मिले, इसके लिए प्री बोर्ड में भी वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।

वस्तुनिष्ठ प्रश्नों से रिजल्ट में होगा सुधार बोर्ड ने रिजल्ट सुधार को लेकर वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या बढ़ाई है। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर की जांच में शिक्षकों से किसी तरह की गलती नहीं होती है। ऐसे में रिजल्ट में अंक सही मिलेंगे।

इस तरह के होंगे वस्तुनिष्ठ प्रश्न मल्टीपल च्वाइस प्रश्न

इसमें एक सवाल होता है और उसके चार विकल्पों में एक सही होता है। इनमें एक उत्तर सही होता है। मल्टीपल रिस्पांस वाले प्रश्न-इसमें एक सवाल और चार विकल्प होते हैं। चारों विकल्प में एक से अधिक उत्तर सही होते हैं। मल्टीपल रिस्पांस वाले प्रश्न अधिकतर प्रतियोगी परीक्षा की प्रवेश परीक्षा में पूछे जाते हैं।

रिक्त स्थान भरें : इसमें कुछ वाक्य दिये जाते हैं, जिनमें एक या ज्यादा रिक्त स्थान होते हैं। सही शब्द भरने होते हैं। सही और गलत-इस फार्मेट में कुछ स्टेटमेंट या वाक्य लिखे होते हैं, जिन्हें सही या गलत बताना होता है।

मैचिंग करने वाले सवाल : इसमें दो कॉलम दिये गये होते हैं। पहले कॉलम का सही जवाब दूसरे कॉलम में होता है। उन्हें मिलान करना होता है।

रीजन : इसमें एक स्टेटमेंट होता है और उसके कारण में उसकी व्याख्या होती है कि क्यों बोला गया है। छात्रों को दोनों वाक्यों को पढ़ना होगा और यह देखना होगा कि दोनों सही है या नहीं।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज के मुताबिक वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या बढ़ाई गयी है। मल्टीपल च्वाइस के अलावा कई दूसरे तरह के भी वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र पैटर्न की जानकारी स्कूलों को भेज दी गयी है।