छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ का चुनाव 25 को, टीम रमन होंगे सीओए से आउट, सीएम भूपेश की होगी एंट्री

0
380

रायपुर। कोरोना संक्रमण काल के बीच छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन (सीओए) की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए 25 जुलाई को चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव अधिकारी व पूर्व जिला व सत्र न्यायाधीश गणपत राव ने इस संबंध में प्रदेश के मान्यता प्राप्त खेल संघों और जिला ओलंपिक संघों को सूचना भेज दी है। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। कार्यकारिणी गठन के लिए 25 जुलाई को सीओए की आमसभा बुलाई गई है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा की जा चुकी है। कार्यकारिणी भंग होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सीओए के अध्यक्ष थे।

चुनाव के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अध्यक्ष पद से हटना निश्चित है। छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण होरा और प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सीओए के महासचिव पद के प्रत्याशी होंगे। नई कार्यकारिणी में सत्तापक्ष के नेताओं की एंट्री होगी। वहीं, विपक्षी भाजपा नेताओं का सीओए से पत्ता साफ होने की पूरी संभावना है। चुनाव अधिकारी सीओए गणपत राव ने बताया कि सीओए की मतदाता सूची आईओए से आ चुकी है। प्रदेश के खेल संघों से भी जानकारी ली गई है। 25 को रायपुर में सीओए के चुनाव होंगे।

फर्म एंड सोसायटी ने संविधान बदलने के मामले को लेकर गत वर्ष दिसंबर में सीओए की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था और 45 दिनों के अंदर चुनाव कराकर नई कार्यकारिणी के गठन करने के लिए चुनाव कराने का निर्देश दिया था। फर्म एंड सोसायटी के इस निर्णय पर भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) ने भी सहमति जताई और सीओए का 24 फरवरी तक चुनाव कराने का निर्देश दिया था। लेकिन, कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण चुनाव टालना पड़ा।

प्रदेश के खेल संघों और सीओए के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अध्यक्ष पद ग्रहण करने का अनुरोध किया है। साथ ही नई कार्यकारिणी गठन की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री को सौंपने का निर्णय लिया है, जिससे सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया जा सके और चुनाव की आवश्यकता ही नहीं पड़े। सत्तापक्ष के मंत्री, नेताओं और खेल संघों से जुड़े लोगों को कार्यकारिणी में जगह मिलना तय माना जा रहा है।

इन पदों के लिए होंगे चुनाव
अध्यक्ष- 1 पद, महासचिव- 1 पद, कोषाध्यक्ष- 1 पद।

उपाध्यक्ष- 10 पद, सहसचिव- 6 पद, कार्यकारिणी सदस्य- 12 पद।