राजनीतिक घमासान के बाद दिल्ली से आज दोपहर रायपुर लौटेंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल….

0
311

रायपुर, 28 अगस्त 2021। दिल्ली में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री बघेल और विधायक शनिवार को रायपुर लौटेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे दिल्ली से उड़ान भरेंगे और 2.45 बजे विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे सीएम हाउस जाएंगे। विधायक और मंत्री भी दोपहर को रायपुर पहुंचेंगे।

इससे पहले शुक्रवार को ज्यादातर जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ खड़े नजर आए। इनमें करीब 8 मंत्री, 44 विधायक, निगम-मंडल के सदस्यों के अलावा 10 महापौर भी शामिल थे। इनके अलावा 6 जिलाध्यक्षों के भी दिल्ली पहुंचने की सूचना है। वहीं दिल्ली में चल रही राजनीतिक गतिविधियों का असर दिनभर सोशल मीडिया में भी नजर आया।

भूपेश समर्थकों ने खुलकर सोशल मीडिया में पोस्ट डाला। विधायक शकुन्तला साहू ने लिखा, राह संघर्ष की जो चलता है, वो ही संसार को बदलता है..!! जिसने रातों से जंग जीती है, सूर्य बनकर वही निकलता है..। इसके जवाब में दिनभर विपक्ष कांग्रेस पर हमलावर रहा। वहीं कुछ समर्थकों ने महाराज नहीं चाहिए जैसे पोस्ट भी डालकर अपनी आपत्ति जताई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने अपने ट्वीट पर लिखा है, प्रदेश में तरह सत्ता के लिए दौड़ रही थी कांग्रेस। उसे भरोसा नहीं था कि कभी मिलेगी। इसलिए सोचा भी नहीं था कि कभी गलती से मिल ही गई, तो उसका करेंगे क्या? राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा, मंत्री टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनेगें तो इस क्षेत्र का विकास जरूर होगा। हम चाहते हैं कि सिंहदेव मुख्यमंत्री बनें। यह आखिरी चांस है मुख्यमंत्री बनने का। इस बार नहीं मिला मौका तो कभी नहीं मिलेगा। सांसद सरोज पाण्डेय ने भी तीखा ट्वीट किया। कांग्रेस के एक नेता ने अपने ट्वीट में लिखा है, छत्तीसगढ़ की राजनीति दिल्ली से नहीं रायपुर से चलेगी। सभी समझ लें।