कल मचांदुर में मनाया जाएगा जिला स्तरीय हरेली तिहार, पाहंदा में आदर्श गौठान का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री, दुर्ग के घुघसीडीह में गृहमंत्री साहू तो भिलाई में देवेंद्र करेंगे आदर्श गौठान का लोकार्पण, देखिए प्वाइंट-टू-प्वाइंट प्रोग्राम शेड्यूल…

0
138

31 जुलाई 2019, दुर्ग। हरेली का तिहार पूरे जिले में जोर-शोर से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नरूवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी योजना अंतर्गत बने गौठानों का लोकार्पण भी किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत मचांदुर में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लालजी सिंह राठिया, अध्यक्ष मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण होंगे। कार्यक्रम सुबह दस बजे से आरंभ होगा। ग्राम पाहंदा में माडल गौठान का लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। दुर्ग ब्लाक के ग्राम घुघसीडीह में आदर्श गौठान का लोकार्पण गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे।

भिलाई में गौठान लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन अंडा चैक खुर्सीपार तथा दशहरा मैदान रिसाली सेक्टर में किया गया है। भिलाई 3 में हरेली तिहार का कार्यक्रम मंगल भवन में रखा गया है। धमधा ब्लाक के गोढ़ी में आयोजित हरेली उत्सव पीएचई मंत्री गुरू रूद्र कुमार की आतिथ्य में होगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। नगरीय निकायों में और ब्लाक स्तर पर भी खास तरह से हरेली त्योहार को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

तैयारियां अंतिम चरण पर-

सभी गौठानों के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में है। छत्तीसगढ़ी खेलों की तैयारियां भी की जा रही है। गेड़ी, फुगड़ी, खोखो, कबड्डी, कुर्सी दौड़, रस्सा खींच आदि खेलों के अलावा अन्य परंपरागत खेलों का आयोजन भी इस अवसर पर किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी व्यंजन होंगे विशेष आकर्षण-

हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टाल मुख्य आकर्षण होंगे। हरेली के अवसर पर परंपरागत रूप से चीला खाया जाता है। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टाल में चीला विशेष रूप से उपलब्ध होगा। इसके अलावा ठेठरी-खुरमी जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी स्टाल में उपलब्ध होंगे।

सांस्कृतिक संध्या भी-

हरेली का त्योहार दिन भर चलता है। दिन भर लोग छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद लेते हैं। हरेली के संबंधित कृषि यंत्रों का पूजन जैसे अनुष्ठान करते हैं और विविध खेल खेलते हैं। इसके पश्चात शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होता है जिसमें नाचा गम्मत के माध्यम से मनोरंजन होता है। इस अवसर पर भी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।

विभागीय योजनाओं की जानकारी भी-

हरेली से संबंधित स्टाल भी इस अवसर पर लगाए जाएंगे। हरेली मनाये आए लोग विभागीय योजनाओं की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी भी वहां मौजूद होंगे और योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here