मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं

0
85

रायपुर 25 जनवरी 2020। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को देश के 71वे गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र का महापर्व है। आज ही के दिन देश का संविधान लागू हुआ। हमारे महान नेताओं के त्याग और बलिदान से देश को जो आजादी मिली, हमें जो संविधान मिला और जो लोकतंत्र का वरदान मिला है, वह लगातार मजबूत हो।

उन्होंने कहा है कि हमारे संविधान की प्रस्तावना के पहले वाक्य ‘हम भारत के लोग‘ ने 26 जनवरी 1950 से लेकर आज तक भारत के जनमन में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भरोसे को बनाए रखा है। विविध रंगों से सजे भारत के लिए हमारे पुरखों ने एक ऐसी बुनियाद रखी, जिसमें देश की एकता और अखण्डता, हर एक व्यक्ति की स्वतंत्रता, भाईचारा, समानता और न्याय समाहित है। संविधान की यही मूल भावना है। चुनौतियों से भरे इस समय में संविधान की भावना को बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़ हमेशा प्रतिबद्व है।