30 अप्रैल 2019, बिलासपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक ठाकुर बलराम सिंह का लंबी बिमारी के बाद आज निधन हो गया है। 81 वर्ष की आयु में उन्होने अंतिम सांस लीं। ठाकुर बलराम सिंह लंबे समय से बीमार थे। इलाज के लिए उन्हे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होने अंतिम सांस ली। ठाकुर बलराम सिंह की अंतिम यात्रा बिलासपुर के तिलक नगर चाटापारा स्थित उनके निवास स्थान से दोपहर लगभग 3:30 निकाली जाएगी। उनका अंतिम संस्कार सरकंडा मुक्तिधाम में लगभग शाम 4:00 बजे किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ बलराम सिंह ठाकुर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने आज स्व. ठाकुर के बेटे आशीष सिंह से फोन पर बातचीत कर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि श्री ठाकुर का निधन छत्तीसगढ़ के लिये अपूरणीय क्षति है।
मालूम हो कि ठाकुर बलराम सिंह बिलासपुर के दो बार महापौर और तखतपुर विधानसभा से दो बार विधायक रहे हैं। उन्होने रतनपुर महामाया मंदिर को विश्व प्रसिद्ध करने में काफी योगदान दिया है। हालही में उन्हे रतनपुर महामाया मंदिर ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बनाया गया था। तखतपुर क्षेत्र की वर्तमान विधायक रश्मि सिंह उनकी बड़ी बहू है।