बीजापुर जिले में प्रेशर बम विस्फोट में सीआरपीएफ जवान घायल….अस्पताल में किराया गया भर्ती….

0
202

बीजापुर, 02 सितम्बर 2021। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का जवान घायल हो गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ​तिम्मापुर गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान शीलचंद मिंज घायल हो गये।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बासागुड़ा थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के 168 वीं वाहिनी के जवानों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल के जवान जब आवापल्ली-बासागुड़ा मार्ग में तिम्मापुर गांव के करीब थे तब मिंज का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया। इससे बम में विस्फोट हुआ और वह घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद मिंज को घटनास्थल से बाहर निकाला गया तथा स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। मिंज का इलाज किया जा रहा है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।