छत्तीसगढ़ में शुष्क हवाओं का दौर जारी, हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना, देखें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

0
381

रायपुर, 03 दिसम्बर 2021। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के दूसरे जिलों में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा आने के कारण अब ठंड धीरे धीरे बढ़ती जा रही है। प्रदेश में पूर्वी हवा आने के कारण आज दिनांक 3 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी भाग में आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है। वहीं 4-6 दिसम्बर को प्रदेश के पूर्वी भाग (बस्तर संभाग, रायपुर संभाग और बिलासपुर सम्भाग के पूर्वी जिले) में हल्की से मध्यम वर्षा होने की सम्भावना है।

बंगाल की खाड़ी और आसपास के अंडमान सागर पर निम्न दबाव का क्षेत्र अभी दक्षिणपूर्व बंगाला की खाड़ी के ऊपर स्थित है, जिसमें संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अवदाब में केंद्रित होने की संभावना है।

इसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर बढते हुए और प्रबल होकर अगले 24 घंटों में मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके 04 दिसंबर की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट पर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।