हड़ताल से लौट रही 2 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, रायपुर से लौटते वक्त कोंडागांव में हुआ हादसा, 7 घायल…..

0
415

कोंडागांव, 15 दिसम्बर 2021। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बुधवार की रात हुए सड़क हादसे में दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जिसमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्कॉर्पियो में सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजधानी रायपुर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर वापस बीजापुर लौट रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग में बनियागांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में स्कॉर्पियों पीछे से जा टकराई।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में बनियागांव के पास यह हादसा हुआ है। रायपुर में चल रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने आधा दर्जन से ज्यादा महिलाएं रायपुर आई थीं। सभी स्कॉर्पियो कार से रायपुर पहुंची थी।

वापसी के दौरान कोंडागांव जिले के बनियागांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण हादसे में मौके पर दो महिलाओं की मौत हो गई। दूसरे वाहन चालकों ने इसकी सूचना संजीवनी 108 व पुलिस को दी। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिसमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना भेजी है।