दुर्ग से उषा टावरी ताे भिलाई से सांवला राम डाहरे नहीं होंगे रिपीट, नवंबर तक दोनों शहर को मिल जाएगा नया जिलाध्यक्ष…अब सरोज से ज्यादा विजय की चलेगी..

0
109

29 अगस्त 2019 भिलाई@मनोज कुमार साहू। दुर्ग और भिलाई में बीजेपी जिला संगठन में नए अध्यक्ष को लेकर तैयारी तेज हो गई है। संगठन की तरफ से दुर्ग जिला भाजपा का चुनाव अधिकारी बुधवार को तय कर दिया गया। कृष्ण कुमार राय को दुर्ग के लिए चुनाव अधिकारी व कोमल जंघेल को सह चुनाव अधिकारी नियुक्त हुए हैं। नियुक्ति के बाद दोनों बीजेपी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवंबर तक नए जिलाध्यक्ष का निर्वाचन होना है।

चर्चा है कि दुर्ग और भिलाई को नवंबर तक नया जिलाध्यक्ष मिल जाएगा। दुर्ग से उषा टावरी रिपीट नहीं होंगी। साथ ही भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष सांवला राम डाहरे भी रिपीट नहीं होंगे। अब दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के समर्थकों को इन पदों पर जिम्मेदारी मिल सकती है। अब तक दुर्ग-भिलाई के संगठन में भाजपा की महासचिव सरोज पांडेय का दबदबा था। अब कहा जा रहा है कि दोनों जिलों के संगठन के लिए सांसद विजय बघेल की सुनी जाएगी। सांसद चुनाव में बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को मौका मिल सकता है।

31 को भिलाई में होगी भाजपा की बैठक

  • भिलाई जिला भाजपा की बैठक 31 अगस्त को हाउसिंग बोर्ड में रखी गई है।
  • भाजपा जिला महामंत्री खिलावन साहू ने बताया कि बैठक दोपहर 2 बजे से सन मैरिज पैलेस में होगी।
  • संगठन चुनाव को लेकर प्रदेश के महामंत्री गिरधर गुप्ता और प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के संरक्षक डॉ. जयप्रकाश दिशा-निर्देश देंगे।