दुर्ग : त्योहारों में गाइडलाइन की उठी धज्जियां, फिर बढ़ा कोरोना का खतरा….एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर हुई इतनी…

0
379

दुर्ग, 22 अक्टूबर 2021। जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। एक दिन में मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या इकाई को पार कर दहाई में पहुंच गई है। एक ही दिन में 13 कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में चिंता बढ़ गई है। ऐसा माना जा रहा है कि कोरोना पॉजिटिव की संख्या जो बढ़ी है। इसका कारण नवरात्रि और दशहरा के त्योहार में लोगों द्वारा कोविड नियमों की अनदेखी करना है।

लापरवाही से तीसरी लहर की आशंका

स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार 21 अक्टूबर को जो कोविड टेस्ट के आंकड़े सामने आए हैं वो डराने वाले और चिंताजनक हैं। मात्र 1479 संदेहियों का टेस्ट लेने पर 13 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा इकाई अंक में होता था। दहाई का ये आंकड़ा 62 दिनों बाद दुर्ग जिले में देखने को मिला है। इससे पहले 19 अगस्त 2021 को जिले में कोविड के 10 मरीजों की पुष्टि हुई थी। उसके बाद से नए मरीजों की संख्या इससे कम ही रही है। 13 मरीजों के संक्रमित होने की रिपोर्ट आने के बाद ऐसा कहा जा रहा है कि लोग यदि ऐसे ही लापरवाही बरतते रहे तो तीसरी लहर की आशंका बढ़ जाएगी।

एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 43

21 अक्टूबर को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार दुर्ग जिले में 1479 लोगों का सैंपल लिया गया था। इनमें से 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 34 से बढ़कर 43 हो गई है। गुरुवार को मात्र 4 एक्टिव केस ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं। जिले में अब तक 96,839 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जबकि अब तक 1797 लोगों की कोरोना की वजह से जान जा चुकी है।