सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दो बड़े नक्सलियों का एनकाउंटर.. शव बरामद.. दोनों पर था एक-एक लाख रुपये का इनाम..

0
99

5 अक्टूबर 2019 दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। जिनमें एक वर्दीधारी नक्सली भी शामिल है। मारे गए नक्सलियों की पहचान हिड़मा मंडावी कटेकल्याण एलजीएस सदस्य व हूंगा मंडावी कटेकल्याण मिलिशिया प्लाटून कमांडर के रूप में की गई है।

दोनों ही नक्सलियों पर एक – एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। साथ ही मौके से जवानों ने दो भरमार बंदूक और भारी मात्रा में डेटोनेटर भी बरामद किया है। एसपी अभिषेक पल्लव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

मिली थी सूचना नक्सलियों के मौजूदगी की

दंतेवाड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बल के जवानों ने एक-एक लाख के दो इनामी नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। कहा जा रहा है कि कटेकल्याण के मुनगा इलाके के जंगल में बड़ी संख्या में हथियारबंद नक्सली तैनात थे। जवानों को नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद टीम सर्चिंग के लिए जंगल की ओर निकली।

जवानों ने मारे गए नक्सलियों के शव बरामद

नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही डीआरजी के जवान मुनगा के जंगल में सर्चिंग के लिए निकले। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। जवानों की कार्रवाई से नक्सली मौके से फरार हो गए. एनकाउंटर में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। जवानों ने मारे गए नक्सलियों के शव को भी बरामद कर लिया है।

घटनास्थल पर हथियार भी मिला

मुठभेड़ के बाद जवानों ने इलाके की सर्चिंग की। घटनास्थल से जवानों को दो भरमार बंदूक, बारूद. डेटोनेटर, नक्सली साहित्य बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों में एक वर्दीधारी नक्सली भी है। फिलहाल जवान नक्सलियों के शव को जिला मुख्यालय लाने की तैयारी कर रहे हैं। इलाके की सर्चिंग भी जवान लगातार कर रहे हैं।