CAG के पद पर नियुक्त हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल गिरीशचंद्र मुर्मू

0
135

दिल्ली| जम्मू कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने शनिवार को भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) के पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में मुर्मू को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में आयोजित समारोह में मुर्मू ने कैग के रूप में शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।

CAG क्या है?

कैग एक संवैधानिक पद है जिसपर केन्द्र सरकार और राज्य सरकारों के खातों की लेखापरीक्षा करने की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कैग की लेखापरीक्षा रिपोर्टों को संसद और राज्य विधानसभाओं में पेश किया जाता है।
बता दें, इससे पहले गिरीश चंद्र मुर्मू ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) के पद से इस्तीफा दे दिया था। गुजरात कैडर के 60 वर्षीय पूर्व आईएएस अधिकारी ने पिछले साल 29 अक्टूबर को इस केंद्र शासित प्रदेश के प्रथम एलजी के रूप में कार्यभार संभाला था।

गौरतलब है कि जब नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब मुर्मू ने उनके प्रधान सचिव के रूप में सेवाएं दी थीं। वह उप राज्यपाल के पद पर नियुक्ति के समय वित्त मंत्रालय में सचिव थे।

वही मुर्मू के बाद मनोज सिन्हा को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर का नया उप राज्यपाल बनाया गया है। मनोज सिन्हा बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। बता दें, इससे पहले मनोज सिन्हा रेलवे के राज्य मंत्री के रूप में भी कार्यभार संभाल चुके हैं।