इतिहास में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम 80 के पार.. लगातार 20वें दिन महंगे हुए दाम…

0
228

नई दिल्ली 26 जून, 2020। आज लगातार 20वें दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल के दाम में 21 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि डीजल के दाम में 17 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 80.13 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, जबकि डीजल के दाम 80.19 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल के दाम 78.55 रुपए प्रति लीटर है। जबकि डीजल के दाम 77.75 रुपए प्रति लीटर है।

पहली बार पेट्रोल-डीजल 80 के पार

देश के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब डीजल के दाम पेट्रोल के दाम से अधिक हैं और दोनों के दाम 80 रुपए को पार कर गए हैं। पिछले तीन दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी के बाद डीजल के दाम पेट्रोल से भी महंगे हो गए। यही नहीं देश के इतिहास में पहली बार ऐसा है जब डीजल के दाम 80 रुपए प्रति लीटर को पार कर गए हैं। इससे पहले गुरुवार को पेट्रोल के दाम में 16 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 14 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 79.82 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 80.02 रुपए प्रति लीटर हो गए थे।

छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन

बता दें लगातार बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम को लेकर छत्तीसगढ़ में यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन में उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुरुवार को इंडोर स्टेडियम के बाहर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां मुंह में मास्क और कार को रस्सी से खींच कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता जताते हुए पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिरता लाने की मांग की।

पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम को देखते हुए उत्तर प्रदेश में गुरुवार को लोगों ने इसका विरोध प्रदर्शन किया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर तथा उनकी पार्टी के विधायक साइकिल से सड़क पर उतरे। यह सभी विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे कि पुलिस ने इन्हें रोक लिया।

जबकि उत्तराखंड में उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में गुरुवार को देहरादून में सैकड़ों कांग्रेसियों ने मानव श्रृंखला बनाकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरी ओर, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ आगरा में नोटिस जारी होने का भी कांग्रेस ने विरोध जताया है।