CM भूपेश के नेतृत्व में आज गांधी विचार यात्रा का होगा समापन.. गांधी मैदान पर प्रदेशभर के दिग्गज होंगे शामिल.. कल से ब्लॉक स्तर पर फिर से निकाली जाएगी पदयात्रा..

0
57

10 अक्टूबर 2019,रायपुर। गांधी विचार यात्रा का आज राजधानी के गांधी मैदान में समापन हो जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस यात्रा के समापन में शामिल होंगे। बता दे महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर चार अक्टूबर को धमतरी जिले के ग्राम कंडेल से शुरू हुई थी।

सातवें दिन की पदयात्रा सेजबहार से शुरू हुई। कांग्रेसी पदयात्रा करते हुए गांधी मैदान पहुंचेंगे। इस बीच डूंडा और संतोषीनगर में सभा भी होगी। समापन स्थल गांधी मैदान में बड़ी सभा रखी गई है, जिसमें प्रदेशभर से आए कांग्रेसी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गांधी मैदान में 10 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है।

पदयात्रा और सभाओं में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सभी 12 मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, शहर के तीनों विधायक सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, महापौर प्रमोद दुबे, विधायक धनेंद्र साहू और विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी रहे कन्हैया अग्रवाल भी शामिल होंगे।

ये शेड्यूल..

कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को सुबह नौ बजे से सेजबहार से पदयात्रा शुरू होगी।
10.30 बजे डूंडा पहुंचेगी, जहां सभा रखी गई है।
दोपहर 12.30 बजे संतोषीनगर पहुंचने के बाद सभा होगी।
यहां से निकलने के बाद पदयात्रा सीधे गांधी मैदान में दोपहर दो बजे आकर रुकेगी, जहां मुख्यमंत्री बघेल सभा करेंगे।

गोकुलनगर से गांधी मैदान तक यात्रा के प्रभारी कन्हैया अग्रवाल बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा में शामिल लोगों को गोकुलनगर, संतोषीनगर में दो जगह, संजयनगर, हरदेवलाला मंदिर, सिद्धार्थ चौक, फत्तेशाह मार्केट, पुलिस लाइन गेट, पुलिस पेट्रोल पंप, कालीबाड़ी चौक, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, लोकसेवा आयोग कार्यालय के सामने स्वागत किया जाएगा।
पदयात्रा में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों को उनकी कमेटी के लोगों के साथ बुलाया गया है।
संगठन से प्रदेश प्रभारी महामंत्री गिरिश देवांगन और मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी भी पदयात्रा में शामिल होंगे।

गांधी विचार यात्रा के समापन के बाद ब्लॉक स्तर पर शुरू होगी पदयात्रा

प्रदेश स्तरीय गांधी विचार यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार से विकासखंडों में पदयात्रा शुरू होगी।
विकासखंडों में 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक गांधी विचार यात्रा निकाली जाएगी।
बुधवार को सभी विकासखंडों में पदयात्रा की तैयारी को लेकर बैठक हुई।