ब्रेकिंग: अमरजीत भगत ने ली मंत्री पद की शपथ, सीएम भूपेश ने अपने अलावा ताम्रध्वज साहू और मो. अकबर का विभाग भी दिया..

0
74

रायपुर 29 जून, 2019। छत्तीसगढ़ में भूपेश मंत्रीमंडल का शनिवार को विस्तार हुआ। आदिवासी नेता अमरजीत भगत ने भूपेश सरकार के 13वें मंत्री के रुप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन के दरबार हाल में आज शाम सरगुजा इलाके के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमरजीत भगत ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। 51 वर्षीय भगत राज्य के 13 वें मंत्री हैं। मंत्री पद की शपथ के बाद उनके विभाग का भी एलान कर दिया गया है। उन्हें मंत्री ताम्रध्वज साहू और मंत्री मोहम्मद अकबर का डिपार्टमेंट दिया गया है। अमरजीत भगत को योजना, खाद्य और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मिला है।

भगत राज्य के प्रमुख आदिवासी नेता माने जाते हैं। वह वर्ष 2003 से लगातार सीतापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस से विधायक हैं। कभी पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के करीबी रहे भगत ने जोगी द्वारा अलग पार्टी बनाने के बाद भी कांग्रेस नहीं छोड़ी। वह अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

राज्य में 15 वर्षों से सत्ता से दूर कांग्रेस ने बीते विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराकर सत्ता प्राप्त की है। राज्य विधानसभा में कांग्रेस की 90 में से 68 सीटें हैं। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भूपेश बघेल ने बीते दिसंबर माह की 17 तारीख को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस दौरान मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल रहे टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री बघेल ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था।

इस दौरान मंत्री रविन्द्र चौबे, प्रेमसाय सिंह टेकाम, मोहम्मद अकबर, कवासी लखमा, शिव कुमार डहरिया, महिला विधायक अनिला भेंडिया, जयसिंह अग्रवाल, गुरू रूद्र कुमार और उमेश पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं एक पद रिक्त छोड़ दिया गया था। माना जा रहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री बघेल अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। अमरजीत भगत के शपथ लेने के बाद अब राज्य में आदिवासी समाज से चार मंत्री हो गए हैं। इससे पहले प्रेमसाय सिंह, कवासी लखमा और अनिला भेंडिया, भूपेश मंत्रिमंडल में शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, मंत्रिमण्डल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here