VIDEO: कांग्रेस छोड़ने के 27 घंटे बाद भाजपा के हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, भोपाल पहुंचकर 13 को राज्यसभा के लिए पर्चा भरेंगे…

0
140

भोपाल/नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के 27 घंटे बाद ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा ज्वाइन कर लिया है। मध्यप्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच दोपहर 2.50 बजे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। इससे पहले,सिंधिया अपने घर से काली रेंज रोवर में निकले। उनके साथ भाजपा नेता जफर इस्लाम थे, जो सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के मुख्य सूत्रधार रहे हैं। सिंधिया ने 27 घंटे पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सिंधिया को सदस्यता दिलवाई। सिंधिया थोड़ी ही देर में भोपाल के लिए रवाना होंगे। वे शुक्रवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। शुक्रवार को ही मध्यप्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। खबरें आ रही हैं कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा सिंधिया के पार्टी में आने से नाराज हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी आलाकमान के सामने जाहिर भी कर दी है।

सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर जेपी नड्डा ने कहा- आज हम सबके लिए खुशी का विषय है। मैं वरिष्ठतम नेता स्वर्गीय राजमाता सिंधियाजी को याद करता हूं, जो भारतीय जनसंघ में थीं। जनसंघ और भाजपा की स्थापना से लेकर विचारधारा को बढ़ाने में राजमाता सिंधियाजी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। हमारे लिए राजमाताजी आदर्श थीं, दृष्टि और दिशा देने वाली नेता रहीं। जनसंघ और भाजपा के शैशव काल से ही उन्होंने दिनरात काम किया। हमारे लिए खुशी की बात है कि उनके पौत्र ज्योतिरादित्य सिंधियाजी भाजपा में शामिल हुए हैं। मैं उनका अभिनंदन करता हूं।

सत्र के बाद सिंधिया को मंत्री बनाया जाएगा

सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। अब सिंधिया को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। इसकी घोषणा भी बुधवार को दिल्ली में होगी। सत्र के बाद सिंधिया को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जाएगा। कमलनाथ सरकार के 6 मंत्रियों समेत 22 विधायकों ने सिंधिया के इस्तीफे की खबर लगते ही कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। सूत्र बता रहे हैं कि इस्तीफा देने वाले सिंधिया समर्थक विधायकों में से 5 से 7 को मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मंत्री पद दिया जा सकता है।