दक्षिण छत्तीसगढ़ में हो सकती है भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अनुमान….

0
443

रायपुर, 16 अक्टूबर 2021। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को हल्के और काले बादल छाए रहे। लेकिन बारिश नहीं हुई। इस दौरान दिन भर उमस और गर्मी महसूस की गई। सुबह और रात के समय हल्की और गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस माह के अंत तक ठंड की शुरुआत हो जाएगी। शनिवार को राजधानी में हल्के बादल छाए हुए हैं और धूप निकली हुई है। लेकिन उमस और गर्मी भी बराबर बनी हुई है। आज से अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है।

मौसम विभाग के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में गरज-चमक के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। लेकिन न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यता दक्षिण छत्तीसगढ़ में रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, तटीय उत्तरी ओडिशा, तटीय उत्तरी आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है।