ज्योतिरादित्य को रोकने का नया दांव, मप्र से राज्यसभा जा सकती हैं प्रियंका गांधी

0
81

भोपाल। ज्योतिरादित्य सिंधिया की राज्यसभा की राह रोकने के लिए अब प्रियंका कार्ड खेला जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजा जा सकता है। प्रियंका को राज्यसभा भेजने के सुझाव के पीछे ज्योतिरादित्य को पीछे रखने की राजनीति काम कर रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच कड़वाहट के दौर में राज्यसभा चुनाव पर राजनीतिक दांवपेंच शुरू हो गए हैं।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीट खाली होने वाली हैं। इनमें से दो कांग्रेस और एक भाजपा के पास जाना तय है। कांग्रेस की 2 सीटों पर पहले ही दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह दावेदार हैं। लेकिन अब हाईकमान की तरफ से प्रियंका गांधी का नाम भी चर्चा में आ रहा है। ऐसी स्थिति में तीनों दिग्गज नेता में से किसी एक को फिलहाल सदन में जाने का मौका छोड़ना पड़ सकता है। फ़िलहाल इन सीट पर दिग्विजय सिंह, प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया सदस्य हैं।

बता दें कि 2020 के आखिर तक देशभर से राज्यसभा की 68 सीटें खाली हो रही हैं, इस चुनाव में कांग्रेस कई सीटें गंवा सकती है। वहीं पार्टी की सत्ता वाले राज्यों से प्रियंका गांधी वाड्रा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह जैसे कई दिग्गजों को कांग्रेस राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है। मप्र में प्रियंका गांधी को राज्य सभा में भेजने की मांग भी उठ रही है। बताया जा रहा है सीएम कमलनाथ से भी दिल्ली दौरे के दौरान आलाकमान ने चर्चा की है।