Oxford Hindi Word of Year 2019 : ऑक्‍सफोर्ड ने संविधान को घोषित किया 2019 का हिंदी शब्‍द

0
141

नई दिल्ली। ऑक्सफोर्ड (Oxford) ने ‘संविधान’ (Samvidhaan) को साल 2019 का हिंदी शब्द यानी HWOTY (Oxford Hindi Word of the Year) चुना है। ‘संविधान’ को साल 2019 के हिंदी शब्द के रूप में स्थान देने के पीछे खास वजह इसका अर्थ है। इसका अर्थ है मूल सिद्धांतों का एक निकाय या स्थापित मिसाल, जिसके आधार पर किसी राज्य या संगठन को शासन करने की अनुमति मिलती है। वर्ष का ऑक्‍सफोर्ड हिंदी शब्‍द ऐसा वर्ड होता है जिसने सर्वाधिक लोगों का ध्‍यान आकर्षित किया होता है या पिछले साल की लोकनीति, मनोदशा या व्‍यस्‍तता को दर्शाता है। 

जारी बयान में कहा गया है कि ‘संविधान’ अंग्रेजी शब्‍द Constitution का हिंदी अनुवाद है। साल 2019 का हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर (Hindi Word of the Year) के लिए ‘संविधान’ उचित शब्‍द है जो आम जनता के मूड और नीति निर्माताओं की ओर ध्यान आकर्षित करता है। संविधान देश की भावना का प्रतीक है और साल 2019 संविधान की उस भावना का गवाह रहा जिसे समाज के सभी वर्गों में अपनाया जा रहा है। ऑक्सफोर्ड के मुताबिक, साल 2019 में संविधान के आधार पर ही लोकतंत्र, सेक्युलरिज्म, न्याय, आजादी और समानता की कसौटियों को मापा गया।

हिंदी लैंग्‍वेज चैंपियन फॉर ऑक्‍सफोर्ड लैंग्‍वेजेज, कृतिका अग्रवाल ने कहा कि पिछले साल संविधान शैक्षिक अवधारणा से उभरते हुए आंदोलन की ओर अग्रसर हुआ। संविधान शब्द सबसे पहले चर्चा में पांच अगस्त, 2019 को तब आया जब जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को हटा दिया गया था। यही नहीं पिछले साल के सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसलों में भी संविधान का जिक्र कई बार आया। इनमें सबरीमाला केस, महाराष्ट्र में शक्ति परीक्षण और कर्नाटक में 17 विधायकों की सदस्यता रद करने पर आए फैसले शामिल हैं। 

उल्‍लेखनीय है कि ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी टीम अपने फेसबुक पेज के जरिए साल के सर्वश्रेष्ठ हिंदी शब्द के चयन के लिए हजारों आवेदन मांगती है। इसके बाद भाषा के विशेषज्ञों के सलाहाकार पैनल की मदद से शब्द अंतिम चयन पर मुहर लगती है। साल 2018 में नारी शक्ति को साल का सर्वश्रेष्ठ शब्द चुना गया था। मालूम हो कि हाल ही में ऑक्सफोर्ड एडवांस लर्नर्स डिक्शनरी (Oxford Advanced Learner’s Dictionary) के नवीनतम संस्करण में आधार, चॉल, डब्‍बा, हड़ताल और शादी जैसे 26 नए भारतीय अंग्रेजी शब्दों को शामिल किए जाने की खबर आई थी।

Previous articleIndian Navy Admit Card 2020: जारी हुआ एडमिट कार्ड, ऐसे करें डाउनलोड
Next articleInd vs NZ: तीसरे टी20 के लिए प्लेइंग इलेवन तय, विराट ने पहले ही बता दिया कौन बैठेगा बाहर!
समय बदला और अन्य संचार माध्यमों की तरह सीजी मेट्रो ने वेबसाइट की अहमियत को भी पहचाना और वर्ष 2017 में सीजी मेट्रो डॉट कॉम की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ और देश के हिंदीभाषी पाठकों तक समाचार और विश्लेषण पहुंचाना है। यह एक 24X7वेबसाइट है और पत्रकारों की एक टीम सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे छत्तीसगढ़ समेत देश भर के पाठकों के लिए सामग्री उपलब्ध कराती है। CG METRO हिंदी न्यूज़ पढ़ने का एक ऐसा मंच है जिस पर पूरे दिन की सभी बड़ी व महत्वपूर्ण खबरे पोस्ट की जाती है। इस वेबपोर्टल पर दी जाने वाली सभी जानकारियां अथवा सभी खबरे एक विशेष टीम के द्वारा गहन संसोधन (रिसर्च) के बाद पोस्ट की जाती है।