रांची से पीएम मोदी बोले -100 दिनों के कार्यकाल में उनकी सरकार ने कामदार और दमदार सरकार का ट्रेलर ट्रेलर देखा

0
78

12 सितंबर 2019,रांची। झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रभात तारा मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीते 100 दिनों की केन्द्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। साथ ही विपक्ष पर भ्रष्टाचार को लेकर वार भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय कामदार और दमदार सरकार देने का वादा किया था। बीते सौ दिन में देश ने इसका ट्रेलर देख लिया है. 100 दिन के भीतर तीन तलाक कानून को लागू किया, आतंक निरोधी कानून को मजबूत किया, जम्मू-कश्मीर में विकास की शुरुआत की और जनता को लूटने वाले को सही जगह पहुंचाने की कोशिश की। इस पर तेजी से काम भी हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग (सही जगह) चले भी गए हैं।

चुनाव के समय मैंने आपसे कामदार और दमदार सरकार देने का वादा किया था। एक ऐसी सरकार जो पहले से भी ज्यादा तेज गति से काम करेगी। एक ऐसी सरकार जो आपकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देगी। बीते 100 दिन में देश ने इसका ट्रेलर देख लिया है।

पीएम मोदी ने प्रभात तार मैदान में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने इस बार के संसद सत्र को लेकर भी काफी कुछ सुना और देखा होगा। इस बार जिस तरह से संसद चली, उसे देखकर आपको अच्छा लगा होगा. वह इसलिए क्योंकि इस बार संसद का मानसून सत्र देश के इतिहास में सबसे ज्यादा उत्पादक सत्रों में से एक रहा है।

विकास को बताया प्राथमिकता
पीएम मोदी ने कहा कि विकास हमारी प्राथमिकता भी है और प्रतिबद्धता भी है। विकास का हमारा वादा अटल इरादा है। आज जितनी तेजी से देश चल रहा है, उतनी तेजी से पहले कभी नहीं चला। पीएम ने इस सभा में किसान मानधन योजना, दुकानदारों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना और एकलव्य विद्यालय योजना की शुरुआत की। साथ ही साहेबगंज में गंगा नदी पर निर्मित मल्टी मॉडल टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। पीएम ने झारखंड के नए सचिवालय भवन का भी शिलान्यास किया। सभा में विभिन्न राज्यों से आए सात किसान और आठ कारोबारियों को योजना का लाभ भी दिया गया।