छत्तीसगढ़ का सियासी खेल हुआ और भी दिलचस्प, अब सोनिया गांधी से मिलने पहुंची रेणु जोगी…

0
551

रायपुर, 27 अगस्त 2021। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सत्‍ता के लिए चल रही रस्साकसी के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत अजित जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का कांग्रेस में विलय हो सकता है। अजित जोगी की पत्नी और तीन बार की विधायक डॉ. रेणु जोगी शुक्रवार को कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर सकती हैं। डॉ. रेणु जोगी ने सोनिया गांधी से मिलने के लिए समय मांगा था। डॉ. रेणु वर्तमान में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष हैं। जानकारी के मुताबिक, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता कांग्रेस में विलय चाहते हैं।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी गुरुवार शाम को ही सोनिया गांधी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंच गईं। खबर यह भी है कि जिस विमान से कांग्रेस के विधाकों को दिल्ली लाया गया, उसी फ्लाइट से डॉ. रेणु जोगी भी राष्ट्रीय राजधानी पहुंची हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में कई दिनों से चर्चा चल रही थी। सोनिया गांधी ने मुलाकात और बातचीत के लिए शुक्रवार का समय दिया है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बाद तय हो जाएगा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का विलय होगा या नहीं।

छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस सरकार के बीच उपजी अंतर्कलह अब दिल्ली दरबार पहुंच गई है। इसको लेकर हाईकमान ने जहां भूपेश बघेल को फिर दिल्ली बुलाया है तो वहीं टीएस सिंहदेव अभी भी दिल्ली में ही जमे हुए हैं।