मध्य प्रदेश में सियासी भूचाल… 6 कांग्रेस, बसपा, निर्दलीय समेत 9 विधायक लापता… कांग्रेस का दावा- भाजपा ने 9 विधायकों को गुड़गांव के होटल में बनाया बंधक…

0
90

भोपाल/नई दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों परमध्य प्रदेश में सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। मंगलवार देर रात कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के 6, बसपा के 2 (एक निलंबित) और एक निर्दलीय विधायक को गुड़गांव के आईटीसी मराठा होटल में बंधक बनाया। इस बीच रात में ही भोपाल से मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया।

मध्यप्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई है। आधी रात को कांग्रेस ने भाजपा पर उसके और बसपा के विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में बंधक बनाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त करना चाहती थी।

मंगलवार की सुबह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह बसपा के विधायक रमाबाई को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली लाए हैं। हालांकि, रमाबाई के पति गोविंद ने इसका खंडन करते हुए कहा कि रमाबाई अपनी बेटी से मिलने के लिए दिल्ली गई हैं। शाम को खबर आई कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

इसके बाद देर रात सूचना मिली कि भाजपा ने बसपा विधायक रमाबाई, कुछ कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में रखा है। इसके बाद भोपाल से कांग्रेस के मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। पटवारी ने बताया कि उनके होटल पहुचने से पहले ही सभी विधायकों को कहीं और भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि केवल रमाबाई ही होटल के बाहर मिलीं।

इस घटनाक्रम के दौरान दिग्विजय सिंह दिल्ली में ही मौजूद थे। खबर मिलने पर वह भी होटल पहुंचे थे। उन्होंने कहा, जब हमें पता चला तो जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह वहां (होटल) गए थे। जिन लोगों से हम संपर्क कर सके हैं वह हमारे साथ वापस आने के लिए तैयार हैं। हम बिसाहूलाल सिंह और रामबाई से संपर्क कर पाए हैं। रमाबाई वापस आ गई हैं, हालांकि भाजपा ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

दिग्विजय ने कहा, भाजपा के रामपाल सिंह, नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया और संजय पाठक उन्हें रुपये देने जा रहे थे। अगर वहां छापा पड़ता तो वह पकड़े जाते। हमें लगता है कि वहां 10-11 विधायक थे, अब उनके साथ केवल चार विधायक हैं, वो भी हमारे पास वापस लौट आएंगे।

इन विधायकों के होटल में होने की पुष्टि

रामबाई(बसपा), पथरिया
बिसाहूलाल (कांग्रेस), अनूपपुर
हरदीप सिंह(कांग्रेस), सुवासरा
सुरेंद्र सिंह शेरा(निर्दलीय), बुरहानपुर
संजीव कुशवाहा (बसपा), भिंड
ऐंदल सिंह कंसाना(कांग्रेस), सुमावली
मंगलवार का सियासी घटनाक्रम

शिवराज शाम को दिल्ली चले गए, वहां भूपेंद्र और नरोत्तम पहले से ही थे।
गुड़गांव के एक होटल में करीब 9 विधायकों को भाजपा ने रुकवाया था।
भनक लगते ही मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन दिल्ली रवाना हुए।
जब तक दोनों होटल पहुंचे, सभी विधायक कहीं और भेज दिए गए।
पटवारी ने बताया- उन्हें होटल के बाहर सिर्फ रामबाई मिलीं।
दिग्विजय ने बताया- 5 विधायकों को होटल में बंधक बना लिया है।