रायपुर : राज्य महिला आयोग की अभिनव पहल पर हुआ मैन फॉर वुमन कार्यक्रम

0
202

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मैन फॉर वुमन कार्यक्रम आयोजित कर एक अभिनव पहल की है। राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ता के रूप में सिर्फ पुरुषों को शामिल किया गया और महिला सशक्तिकरण में पुरूषों की भूमिका के संबंध में उनके विचार जाने। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता सतीशचन्द्र वर्मा, पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी, अंतर्राष्ट्रीय शिक्षाविद डॉ. जवाहर सूरी शेट्टी, बालाजी नर्सिंग होम के संचालक डॉ. देवेंद्र नायक ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में फॉरेंसिक एक्सपर्ट सुनंदा ढींगे ने महिलाओं को सायबर क्राइम से बचाव के तरीके भी बताए।

महिलाएं उठा रही है नारी जागरण का झंडा

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि महिला दिवस पर महिला ही नारी जागरण का झंडा उठाती है, उसकी बात सुनने वाली भी सभी महिलाएं ही होती हैं। जबकि पुरुषों के साथ सामंजस्य करके महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढऩा है, फिर चाहे परिवार हो या कार्यस्थल। तब फिर क्यो ना उन्हें अपना अच्छा सहयोगी, दोस्त, गाइड बना कर आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में महाधिवक्ता सतीशचन्द्र वर्मा ने कहा कि नारी स्वयं शक्तिशाली है उसे किसी और शक्ति की जरूरत नहीं है। महिलाओं की शक्ति पर रोक लगाने की जो कोशिश की जाती है, उसे हटाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुरूषों के नजरिया सही रखने से धीरे-धीरे बदलाव आएगा।

डीजीपी ने कही बड़ी बात

पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी ने कहा कि सामान्यत: देखने में आता है कि महिलाएं पुरूषों से ज्यादा महिलाओं से ही प्रताडि़त होती हैं। महिलाओं में उनका अहम गुण संवेदनशीलता का होता है जो उन्हें बनाए रखना चाहिए। पुरूषों को आगे बढ़ाने में महिलाओं का अहम योगदान है। समाज की हर बुलंद इमारत की नींव के रूप में महिलाएं ही है। महिलाओं जितना त्याग, बलिदान और समर्पण का गुण पुरूषों में नहीं होता। उन्होंने कहा कि महिलाएं कभी भी पुलिस के पास बेझिझक अपनी समस्याएं लेकर आ सकती हैं।