एक्शन में शिवराज सरकार, BJP नेता को थप्पड़ मारने वाली कलेक्टर और SDM की सरकार ने की छुट्टी…

0
207

भोपाल। मध्य प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में रैली कर रहे प्रदर्शनकारियों कों थप्पड़ मारने वाली कलेक्टर और एसडीएम को शिवराज सरकार ने हटा दिया है। राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता और एसडीएम प्रिया वर्मा इसी साल जनवरी महीने में सीएए समर्थित प्रदर्शनकारियों से झड़प को लेकर विवादों में आई थीं। उस दौरान बीजेपी ने दोनों महिला अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रदर्शन भी किया था।

राज्य सरकार के कार्मिक विभाग की प्रमुख सचिव दीप्ति गोड़ मुखर्जी ने मंगलवार (24 मार्च) की रात को आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक निधि निवेदिता को राजगढ़ के कलेक्टर पद से हटाकर उप सचिव बनाया गया है। वहीं राजगढ़ के नए कलेक्टर नीरज कुमार सिंह होंगे।

इसके अलावा रीवा के नगर निगम के आयुक्त सभाजीत यादव को भी हटाया गया है। उनके स्थान पर अर्पित वर्मा को निगमायुक्त बनाया गया है। यादव ने भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल को कई करोड़ की वसूली का नोटिस जारी किया था।

क्या था मामला..

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में बीते 19 जनवरी को प्रदर्शन कर रहे एक युवक को कलेक्टर निधि निवेदिता ने थप्पड़ जड़ दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। राजगढ़ के ब्यावरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ सीएए के समर्थन में रविवार को रैली निकालने का ऐलान किया था। रैली में शामिल लोगों और प्रशासन के अधिकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा से छीना-झपटी भी हुई। वहीं जिलाधिकारी निधि निवेदिता ने प्रदर्शनकारी को थप्पड़ जड़ दिया था।

प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते ही विवाद बढ़ गया और स्थिति बिगड़ने लगी तो पुलिस जवानों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया था। जिलाधिकारी निधि निवेदिता द्वारा प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा द्वारा प्रदर्शनकारियों को खींचने के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे।