पहले दिन खूब दिखा नौतपा का असर, लू चली और पारा पहुंचा 45 डिग्री पर, आज ऐसा रहेगा मौसम…

0
110

26 मई 2019, रायपुर। राजधानी समेत समूचे छत्तीसगढ़ में सूरज की किरणें कहर बरपा रही हैं। नौतपा शुरू होते ही शनिवार को सूर्य की किरणें अधिक तीखी हो गईं। सुबह से सूरज की तपिश से लोग हलाकान होते रहे। रायपुर में दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर 2ः30 बजे तक 44.4 डिग्री और 3ः30 बजे 44.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 45 डिग्री के करीब पारा पहुंचने और हवा गर्म होने के कारण लू के थपेड़े झेलने पड़े।

राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। एक दिन पहले शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक बिलासपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था। शनिवार को भी यहां इतना ही तापमान रहा, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। सिर्फ सरगुजा संभाग में उल्लेखनीय अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है। बाकी संभागों में विशेष परिवर्तन नहीं दिखा। रायपुर संभाग में सामान्य से उल्लेखनीय अधिक, बिलासपुर और बस्तर संभागों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों में सामान्य तापमान रहा।

लोग हो रहे हलाकान

अत्यधिक गर्मी पड़ने के कारण पंखे-कूलर फेल हो रहे हैं। इससे लोग हलाकान हैं। लू चलने के कारण लोग सड़क पर नहीं निकल पा रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसलिए एहतियात जरूरी है। दिन तो जैसे-तैसे निकल जाता है, मगर रात काटे नहीं कट रही है। बेचैनी बढ़ रही है। इसकी वजह है दिन के साथ रात का तापमान पांच से सात डिग्री तक बढ़ जाना। लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं।

आज ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञानियों की मानें तो नौतपा में तापमान लगातार बढ़ेगा। प्रदेश के एक या दो स्थानों पर लू चलने की अति संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्र ने बताया कि छत्तीसगढ़ में उत्तरी पश्चिम की ओर से गर्म हवा चल रही है। राजस्थान की मरुस्थल की वादियों से आ रही हवा समूचे छत्तीसगढ़ को गर्म कर रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने छत्तीसगढ़ के कोरिया, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर और रायगढ़ इलाकों में गर्म हवा के साथ तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। लिहाजा अधिकतम तापमान में गिरावट भी रिकार्ड किया गया।

अगले पांच दिन रहेगी भीषण गर्मी

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि 25 मई शनिवार से नौतपे की शुरुआत हो रही है, लेकिन लगातार लू और गर्मी बरकरार रहने की संभावना है। नौतपा 2 जून तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्रियों के मुताबिक इस बार नौतपा काफी गरम रहने वाला है। अधिकतर नौतपे के दौरान बारिश हो जाती है, लेकिन मौसम विभाग ने भी अगले 5 दिन तक भीषण गर्मी की संभावना व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here