दो दिन पहले पुलिस कस्टडी से भागे फरार आरोपी की मिली लाश… हत्या या आत्महत्या बन गयी पहेली…

0
161

बिलासपुर । पुलिस की नाक के नीचे से भागे चोरी के आरोपी की शनिवार सुबह लाश मिली है। उसके हाथों में हथकड़ी पड़ी थी और शव चेकडैम में किनारे की ओर पड़ा हुआ था। शव मिलने से सनसनी मच गयी है। लाश मिलने की सूचना के बाद मौक पर बिलासपुर पुलिस के आला अधिकारी सहित तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। मृतक का नाम सनी मरकाम था जो तोरवा थाना क्षेत्र के बस्ती का रहने वाला था। हत्या और आत्महत्या को लेकर गुत्थी उलझ गई है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ FIR तक दर्ज नहीं की गई थी। तोरवा थाना पुलिस का दावा है कि दो दिन पहले माल बरामदगी के दौरान वह फरार हो गया था। सनी मरकाम को पुलिस ने चोरी के आरोप में बुधवार शाम हिरासत में लिया था। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में रखा था। पूछताछ में पता चला था कि वह तोरवा क्षेत्र में हुई कई चोरियों में शामिल था। इस पर पुलिस दो दिन पहले उसे लेकर सीन रिक्रिएट कराने और माल बरामदगी के लिए बस्ती में लेकर गई थी। हेड कांस्टेबल निर्मल घोष और कांस्टेबल हितेश जोशी को साथ में भेजा गया था, लेकिन सनी वहां से फरार हो गया। शनिवार सुबह लोगों ने चैक डैम में युवक का शव पड़ा देखा। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस पहुंची तो शव की पहचान सनी मरकाम के रूप में हो गई। इसके बाद पुलिस के हाथ-पैर फूल गए हैं। अब उसकी हत्या और आत्महत्या को लेकर मामला उलझा है। सनी की लाश मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस निशाने पर आ गई है। उसकी मौत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इस बात को खुद स्वीकार कर रही है कि उसके खिलाफ FIR दर्ज नहीं हुई थी। उसकी गिरफ्तारी भी नहीं दिखाई गई थी। पुलिस पूरे मामले को दबाने का प्रयास करती रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।