छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान विक्रम राजवाड़े का शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा,अम्बिकापुर-बनारस मार्ग पर किया चक्काजाम ..

0
116

अंबिकापुर । झारखंड में विधानसभा चुनाव में ड्यूटी पर तैनात किए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान विक्रम राजवाड़े की सोमवार को हादसे में मौत के बाद मंगलवार को जैसे ही उसका शव गृहग्राम दवनकरा पहुंचा स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

घटना से आक्रोशित लोगों ने अम्बिकापुर-बनारस मार्ग पर शव रख कर चक्काजाम कर दिया है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि जवान विक्रम की हत्या की गई है। उसके पीठ पर गोली लगी है, जो इस बात का प्रमाण है।

चक्काजाम स्थल पर एएसपी सूरजपुर हरीश राठौर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है। ग्रामीण व परिजन नये सिरे से पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराने की मांग की थी। नौ दिसंबर को रांची में तड़के करीब 6 बजे इंसास रायफल से कंपनी कमांडर को विक्रम राजवाड़े ने गोली मार दी और खुद पर भी गोली चला दी।

आज उसका शव दवनकरा गांव रांची से पहुंचा। घटना रांची के खेलगांव सीआरपीएफ कैम्फ की है, जहां झारखंड विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन की डी कंपनी गई थी।

अभी तक अंबिकापुर-बनारस मार्ग स्थिति भैसामुंडा पुलिया के पास शव रख कर विरोध कर रहे है।परिजनों का आरोप है की आरक्षक विक्रम राजवाड़े की हत्या हुई है, इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।

बता दें कि झारखंड में ही इसी तरह की एक अन्य घटना में सोमवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा से ड्यूटी पर गए सुरक्षा बल के दो जवानों की मौत हो गई थी। इसके तीन दिन पहले नारायणपुर के आईटीबीपी कैंप में जवानों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 6 जवानों की मौत हो गई थी।