गांधी विचार पदयात्रा आज दूसरे दिन पहुंची कुरूद.. विधायकों समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम लोग हुए शामिल.

0
86

रायपुर 05 अक्टूबर, 2019। कंडेल से शुरु हुई गांधी विचार पदयात्रा आज दूसरे दिन कुरुद पहुंची। धमतरी जिले के ग्राम छाती में रात्रि विश्राम के बाद डांडेसरा होते हुए पदयात्रा दोपहर में कुरुद पहुंची। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल डांडेसरा में यात्रा में शामिल हुए। विधायक मोहन मरकाम, विनोद चंद्राकर एवं छन्नी साहू सहित बडी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम लोग यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान कुरुद में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कोंडागांव के विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महात्मा गांधी के पदचिन्हों पर चल रही है। उनके सपनों को पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांधीजी के सपनों के अनुरुप ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती पर विशेष जोर दे रही है। नरवा, गरवा, घुरवा और बारी के माध्यम से गांव और ग्रामीणों के सशक्तिकरण का काम कर रही है। श्री मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राम, कबीर, बाबा गुरु घासीदास और गांधी की विचारधाराओं की गौरवशाली परम्परा रही है। सरकार अपने कार्यों से इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

कुरुद की सभा में महासमुंद के विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा की अंत्योदय के उत्थान से ही प्रदेश और देश का उत्थान होगा। गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार पदयात्रा कर रही है। इसके जरिए वह गांव-गांव तक पहुँच रही है। खुज्जी की विधायक छन्नी साहू ने कहा कि हम सबको गांधीजी की विचारधारा का अनुसरण करना है। उनका सपना था कि देश में हर नागरिक को बराबर अधिकार मिले। सरकार किसानों और गरीबों के हित में लगातार काम कर रही है। यह अन्नदाताओं की चिंता करने वाली और उनकी मेहनत का सही सम्मान करने वाली सरकार है।

गांधी विचार यात्रा के दूसरे दिन आज पदयात्रा में पूर्व विधायक श्री लेखराम साहू और श्रीमती अम्बिका मरकाम भी शामिल हुईं। कुरुद से पदयात्रा कन्हारपुरी होते हुए भुसरेंगा पहुंचेगी। भुसरेंगा में सभा और रात्रि विश्राम के बाद 6 अक्टूबर को यात्रा आगे बढ़ेगी।