यूथ कांग्रेस में मचा बवाल, पहले जारी की नियुक्तियों की लिस्ट फिर बताया अमान्य…

0
693

रायपुर 23 जुलाई 2021। यूथ कांग्रेस में नियुक्तियां एक बार फिर सवालों में घिर गयी है। पहले युवक कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन पद पर निखिल द्विवेदी की नियुक्ति को लेकर विवाद हुआ। अब निखिल ने प्रदेश और जिला स्तर पर जो प्रवक्ता घोषित किए, उसे लेकर बवाल मचा है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी संतोष कोलकुंडा और सहप्रभारी एकता ठाकुर ने एक बयान जारी करके सूची को निरस्त करने की घोषणा की है।

मान्य नहीं नियुक्तियों की सूची

कोलकुंडा ने कहा कि मीडिया विभाग की एक सूची छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के नाम से जारी की गई, जो मान्य नहीं है। ऐसी किसी भी सूची की अनुमति राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व से नहीं ली गई। ऐसे में इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। कोलकुंडा ने युवक कांग्रेस मीडिया विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में कोई भी नियुक्ति करने से पहले प्रदेश प्रभारी और प्रदेश नेतृत्व से अनुमति लेना अनिवार्य है।

गूगल फार्म के जरिए सभी कार्यकर्ताओं का कराया गया पंजीयन

कोलकुंडा के बयान के बाद निखिल द्विवेदी ने पलटवार करते हुए बयान जारी किया और दावा किया कि सभी नियुक्ति वैध है। निखिल ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस मीडिया विभाग में राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार निम्नलिखित पदों पर नियुक्ति की गई है। गूगल फार्म के जरिए सभी कार्यकर्ताओं का पंजीयन कराया गया।

निखिल द्विवेदी की नियुक्ति के समय भी हुआ था ऐसा विवाद

इसके बाद युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी राहुल राव ने 19 जुलाई को राजीव भवन में सभी कार्यकर्ताओं का साक्षात्कार लिया। इसके बाद ही युवा कांग्रेस मीडिया विभाग चेयरमैन ने नियुक्ति आदेश जारी किया है। दरअसल, निखिल द्विवेदी की नियुक्ति के समय भी यही विवाद आया था और उस समय युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी राहुल राव के पत्र के हवाले से ही निखिल को चेयरमैन बनाया गया था।

राहुल राव ने टि्वटर पर दे दी बधाई

प्रदेश में मचे विवाद के बीच राहुल राव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची को ट्वीट किया और सभी को बधाई भी दी। इस सूची को आईवाईसी मीडिया छत्तीसगढ़ के टि्वटर हैंडल से पोस्ट किया गया है। इस सूची में 13 स्टेट कोआर्डिनेटर और सभी जिलों में चेयरमैन की घोषणा की गई है।