ट्रिपल मर्डर: पत्नी का गैर मर्द के साथ था अवैध संबंध… रिलेशन ब्रेक होने से नाराज सिरफिरे ने महिला समेत उनके पति-बच्चे को उतारा मौत के घाट.. पढ़िए पूरी क्राइम स्टोरी..

0
233

बलौदाबाजार। पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह शनिवार-रविवार की रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। हत्या की वजह महिला पर अवैध संबंध बनाये रखने का दबाव था, महिला ने संबंध रखने से मना किया, तो आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस इस मामले के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त किया गया है।

बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह गांव के साहू परिवार के तीन लोगों की घर में ही हत्या कर दी गयी थी। तीनों की हत्या धारदार हथियार से की गयी है, मृतकों में घर का मुखिया यशवंत साहू जिसकी उम्र 47 साल थी, उसकी पत्नी महेश्वरी साहू जिसकी उम्र 45 साल और बेटा देवेंद्र जो 17 साल का था।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि जारा गांव के रविशंकर शुक्ला पिता कन्हैया प्रसाद शुक्ला का पूजा-पाठ के काम से पूर्व से ही ग्राम छेरकाडीह में मृतक यशवंत साहू के यहां आना-जाना लगा रहता था। इस बीच आरोपी रविशंकर शुक्ला और मृतिका महेश्वरी साहू के मध्य गहरी मित्रता हो गई, जिसका फायदा उठाकर आरेापी रविशंकर शुक्ला ने मृतका के साथ संबंध बना लिया। मृतका को इस बात पर ब्लैकमेल कर प्रताडि़त करने लगा। परेशान होकर मृतका ने अपने पति मृतक यशवंत साहू को यह बात बताई थी। जिसके बाद परिजनों औऱ जारा गांव के सरपंच की उपस्थिति में सामाजिक स्तर पर बैठक कर आरोपी रविशंकर शुक्ला को समझाइश दी गई कि आरोपी मृतका महिला से किसी भी प्रकार का संबंध नही रखेगा।

बैठक के बाद भी आरोपी रविशंकर शुक्ला मृतिका से बातचीत करने और मिलने आदि के लिये बार-बार दबाव बना रहा था। परंतु मृतका महेश्वरी साहू द्वारा उसे बार-बार मना किया जा रहा था। आरोपी रविशंकर शुक्ला, मृतिका महेश्वरी साहू के इस व्यवहार से अत्यंत क्षुब्ध और आक्रोशित हो गया था। उसने मन ही मन उससे बदला लेने की योजना बनाई और इस योजना में गातापार गांव के दुर्गेश वर्मा और नेमीचंद ध्रुव को भी शामिल किया।

आरोपी योजना के अनुसार 11अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे बाइक से छेरकाडीह पहुंचे। हत्या करने की नीयत से एक राय होकर मृतक के घर में घुसे और सबसे पहले यशवंत साहू और देवेन्द्र साहू पर वार कर उनकी हत्या कर दी। दोनों की चीख-पुकार सुनकर महेश्वरी साहू अपने कमरे से बाहर निकली, तो आरोपियों ने उस भी धारदार हथियार में ही हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी रात्रि में ही ग्राम छेरकाडीह से फरार हो गये। पुलिस द्वारा कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुये मुख्य आरोपी रविशंकर शुक्ला को पकड़ा गया। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी रविशंकर शुक्ला के साथ दुर्गेश वर्मा तथा नेमीचंद ध्रुव ने सहयोग देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों से अपराध में उपयोग  किये तब्बल, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त कर कार्रवाई कर रही है।