अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद लोग देश छोड़ने जोखिम में डाल रहे जान, हवा में उड़ते प्लेन से गिरकर 3 लोगों की मौत…

0
303

नई दिल्ली, 16 अगस्त 2021। अफगानिस्तान में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। एयरपोर्ट बस अड्डे बने हुए हैं और भीड़ में एक-एक सीट के लिए मारामारी जारी है। इस बीच एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद लोग देश छोड़ने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। हवा में उड़ते प्लेन से गिरकर 3 लोगों की मौत हो गई। यह मिलिट्री एयरक्राफ्ट है और लोग इसकी बॉडी पर लटककर यात्रा कर रहे थे।

काबुल शहर के ऊपर उड़ेत प्लेन से गिरते लोगों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक के बाद एक लोग नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि देश छोड़ने के लिए ये लोग मिलिट्री प्लेन के टायरों के बीच में खड़े हो गए थे। काबुल एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के बाद जैसे ही प्लेन हवा में पहुंचा, ये लोग एक-एक करके नीचे लगे। शहर के लोगों ने इन्हें गिरते हुए देखा, लेकिन अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है।

इसी बीच काबुल में कई इलाकों में लूटपाट की खबरें हैं। सरकारी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां लूटी जा रही हैं। कुछ लोगों ने अपनी निजी गाड़ियां छीने जाने का भी दावा किया है। एयरपोर्ट के पास आवासीय कॉलोनी में गोलीबारी हुई है। वहीं सरकारी एजेंसियों के दफ्तरों में लूटपाट हुई है। तालिबान का कहना है कि अराजक तत्वों ने तालिबान के नाम पर लूटपाट की है और संवेदनशील दस्तावेज जला दिए हैं।

अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद काबुल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ हो गई है। फिलहाल एयरपोर्ट अमेरिकी सैनिकों के कंट्रोल में है। एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में पांच लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं। वीडियो में एयरपोर्ट पर लाशें नजर आ रही हैं। हवाईअड्डे के पास स्थानीय लोगों ने कहा है कि एक हवाई जहाज के टायरों में खुद को कसकर पकड़े हुए तीन युवक लोगों के घरों के ऊपर गिर गए। स्थानीय लोगों में से एक ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इन लोगों के गिरने से जोर का भयानक शोर हुआ।